उत्तर प्रदेशराजनीति

विपक्ष पर CM योगी का हमला, बोले- बांग्लादेश की तरह सत्ता परिवर्तन का सपना देखने वाले युवाओं को थमाना चाहते हैं हथियार

लखनऊ। वोट चोरी के आरोपों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार गुप्ता के खिलाफ साझा विपक्ष आक्रामक रवैया अपनाए हुए है। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी समेत इंडिया गठबंधन के दल ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इस बीच, सीएम योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर जोरदार हमला बोला है।

सीएम योगी ने कहा कि बांग्लादेश की तरह सत्ता परिवर्तन का सपना देखने वाले युवाओं को थमाना चाहते हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने शुक्रवार को कहा, “लोकतंत्र में सत्ता का मार्ग जनादेश से निकलता है, अराजकता से नहीं। बांग्लादेश की तर्ज पर भारत में सत्ता परिवर्तन का स्वप्न देखने वाली शक्तियां युवाओं के हाथों में राष्ट्र निर्माण की मशाल के स्थान पर अराजकता के औजार थमाना चाहती हैं।”

आगे उन्होंने कहा, “चुनाव सुधार का मुखौटा, न्याय का नारा और लोकतंत्र की दुहाई देकर देश में अस्थिरता के बीज बोने वालों को समझना होगा कि भारत का लोकतंत्र जन-विश्वास की जड़ों पर खड़ा विशाल वटवृक्ष है, जिसे षड्यंत्रों के अंधड़ हिला नहीं सकते। हमारी युवाशक्ति भारत का भविष्य संवारने के लिए है, किसी की सत्ता की भूख मिटाने के लिए नहीं।’

सीएम ने कहा, “जनता-जनार्दन ने राजनीति के इन मारीचों-कालनेमियों को पहचानकर ही सत्ता से दूर रखा है। अब ये देश को अराजकता की आग में झोंककर कुर्सी हथियाना चाहते हैं। उनकी इस सियासी साजिश को देश कभी सफल नहीं होने देगा।”

Related Articles

Back to top button