उत्तर प्रदेशबलिया

बलिया : परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की बढ़ीं मुश्किलें, कोर्ट ने जारी किया गिरफ्तारी का वारंट

बलिया: यूपी के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही हैं। बलिया की एक कोर्ट ने उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है। कैबिनेट मंत्री के खिलाफ यह वारंट 23 साल पुराने मामले में कोर्ट में पेश न होने पर जारी किया गया है।

जानकारी के अनुसार, सीजीएम शैलेश पांडे की कोर्ट ने मंत्री दयाशंकर सिंह की गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। यह मामला 4 दिसंबर 2003 को बलिया कोतवाली में तत्कालीन कोतवाल से मारपीट और गाली-गलौज से जुड़ा है। आरोप है कि 4 दिसंबर 2003 को दयाशंकर सिंह अपने समर्थकों के साथ कोतवाली में घुसकर कोतवाल से बदसलूकी की थी। इस मामले में आरोपी एमएलसी रविशंकर सिंह पप्पू की गैर हाजिरी माफ कर दी गई है, क्योंकि उन्होंने पहले ही जमानत ले ली थी।

इससे पहले भी सीजीएम शैलेश पांडे की कोर्ट दयाशंकर सिंह के खिलाफ वारंट जारी कर चुकी है। ये मामला शहर के मालगोदाम के पास 10 साल पहले रास्ता रोकने और तत्कालीन जिलाधिकारी के आदेश का उल्लंघन से जुड़ा है। सितम्बर 2025 में कोर्ट में हाजिर नहीं होने पर दयाशंकर सिंह समेत 15 आरोपितों के खिलाफ कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। अब देखना होगा कि अपने खिलाफ वारंट जारी होने के बाद दयाशंकर सिंह क्या कदम उठाते हैं।

Related Articles

Back to top button