
लखनऊ। सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा में 100 संविदाकर्मी अनुपस्थित पाए गए थे। जिन्हें मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनबी. सिंह ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अब तक कुल 219 संविदाकर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं।
दरअसल, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और सरकारी स्वास्थ्य कार्यक्रमों की नियमित निगरानी करने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत लखनऊ में स्वास्थ्यकर्मियों की कार्यप्रणाली और उपस्थिति की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। गुरूवार को हुई समीक्षा के दौरान सौ संविदाकर्मी अपने कार्यस्थल पर अनुपस्थित पाए गए थे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनबी. सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिन 219 संविदाकर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। अगर वे निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दे पाए तो संबंधित संविदाकर्मियों की सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ ने बताया कि शासन के निर्देश पर जनपद और ब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी की जा रही है। इसके तहत प्रभारी चिकित्साधिकारियों के साथ स्टाफ नर्स, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, एएनएम और आउटसोर्सिंग के माध्यम से तैनात स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति व कार्यों की समीक्षा की जा रही है।



