अपराधलखनऊ

कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड : आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे के बड़े नेताओं और अधिकारियों से संबंध का दावा, पुलिस ने घोषित किया 25 हजार का इनाम

लखनऊ। कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड में आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश फरार हैं। पुलिस ने तीनों पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। इस बीच, ब्लैकमेलिंग क्वीन श्रद्धा के कई हाई प्रोफाइल लोगों के साथ संबंध के दावे किए जा रहे हैं। जिनमें बड़े राजनेता, अधिकारी और क्रिकेटर्स शामिल बताए जा रहे हैं।

मॉडल और सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर श्रद्धा दुबे के लिव इन पार्टनर शिवा शर्मा की 10 अक्टूबर को हजरतगंज में अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से नीचे गिरकर मौत हो गई थी। इस घटना का सीसीटीवी भी सामने आया था, जिसमें शिवा नीचे गिरते हुए दिखा था। जिसके बाद शिवा की मां ने श्रद्धा पर ब्लैकमेलिंग और उनके बेटे की हत्या का आरोप लगाया था। उन्होंने बताया था कि बेटे की तबियत खराब होने सूचना पर वो अस्पताल पहुंची तो देखा कि उसके शरीर पर सिर्फ अंडरवियर थी और उसके चेहरे पर लिपस्टिक लगी हुई थी।

शिवा की मां ने श्रद्धा पर उनके बेटे को झूठे केस फंसाने की धमकी देने और मारपीट करने जैसे कई आरोप लगाए हैं। साथ ही उन्होंने अपने बेटे की हत्या में श्रद्धा और उसके साथियों का हाथ बताया था। जोन मध्य कमिश्नरेट लखनऊ ने बताया है कि पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के जोन मध्य के थाना हजरतगंज पर पंजीकृत मु0अ0सं0 216/2026, धारा 103(1) बीएनएस से संबंधित प्रकरण में वांछित निम्नलिखित तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस उपायुक्त, मध्य द्वारा प्रत्येक अभियुक्त पर ₹25,000/- का पुरस्कार घोषित किया गया है।

नेपाल भागने की आशंका

पुलिस को आशंका है कि घटना के बाद मेडिकल कालेज से निकलकर श्रद्धा और अन्य आरोपितों ने आपस में संपर्क किया और नेपाल भागने की योजना बनाई हो सकती है। वे बहराइच के रास्ते नेपाल भाग सकते हैं। हालांकि, इसकी पुष्टि के लिए पुलिस साक्ष्य जुटा रही है। इंस्पेक्टर हजरतगंज विक्रम सिंह ने बताया कि गढ़ी कनौरा निवासी तारिक उर्फ दानिश और दुबग्गा निवासी आमिर के घर भी दबिश दी। दोनों के परिजनों से पूछताछ की जा रही है।

मुख्तार अंसारी गैंग के नाम पर वसूली

श्रद्धा राजनेताओं के अलावा उसके कई हिस्ट्रीशीटरों से भी संबंध थे। उसकी सपा के दिग्गज नेता शिवपाल सिंह यादव के साथ तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल है। दावा किया जा रहा है कि श्रद्धा गैंगस्टरों से दोस्ती करती थी और उनके नाम व नेटवर्क का इस्तेमाल कर लोगों को धमकाती थी।  इसके लिए वह गैंग के लोगों से फोन भी करवाती थी। इसके अलावा, आरोपी मॉडल पर लोगों को ब्लैकमेल कर पैसे वसूलने का भी आरोप है। वह लोगों के साथ खिंचवाई गई तस्वीरों का इस्तेमाल कर उन्हें ब्लैकमेल करती थी।

Related Articles

Back to top button