अपराधउत्तर प्रदेशरामपुर

Rampur : चार महीने पहले जेल से छूटे गैंगस्टर की हत्या, अज्ञात बदमाशाें ने मारी तीन गोली

रामपुर। यूपी के रामपुर में बिलासपुर थाना क्षेत्र के डिबडिबा गांव में दिनदहाड़े एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान संदीप चौहान के रूप में हुई है। जिसके खिलाफ करीब 16 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे और वह करीब चार महीने पहले ही जेल से बाहर आया था। संदीप को शराब ठेके के बाहर तीन अज्ञात बदमाशाें ने गोली मारी।

जानकारी के अनुसार, सांगा फॉर्म का रहने वाला संदीप चौहान राइस मिल में बारदाना कटिंग का काम करता था। यह घटना उस वक्त हुई जब वह अपनी पत्नी शिवानी के साथ छह माह की बेटी आराध्या को डॉक्टर को दिखाने के लिए लेकर गया था। बताया जा रहा है कि डॉक्टर को दिखाकर लौट रहे संदीप की रास्ते में शराब के ठेके के पास उसकी कुछ जान-पहचान के लोगों से मुलाकात हो गई।

फिर संदीप अपनी पत्नी को बेटी को घर ले जाने को कहा और खुद वहीं रुक गया। इसी दौरान बाइक से आए तीन अज्ञात बदमाशाें ने संदीप पर फायरिंग शुरू कर दी। यह वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। बदमाशाें ने करीब तीन राउंड फायरिंग की। संदीप को एक गोली कमर में और दो गोलियां सिर में लगीं।

गोली लगने के बाद संदीप गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना की सूचना पर बिलासपुर पुलिस मौके पर पहुंची और संदीप को सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह, फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और पुलिस की फील्ड यूनिट को मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।

मृतक की पत्नी शिवानी का कहना है कि संदीप की कई लोगों से दुश्मनी थी और इसी के चलते उसकी हत्या की गई हो सकती है. हालांकि हत्या किसने और क्यों की, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस की टीमें पूरे मामले की जांच कर रही हैं और हमलावरों की पहचान के प्रयास जारी हैं।

Related Articles

Back to top button