
लखनऊ। सीएम योगी आदित्यनाथ जी ने आज उत्तर प्रदेश पुलिस में कुशल खिलाड़ी कोटे के अंतर्गत चयनित 470 खेल प्रतिभाओं को नियुक्ति-पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान सीएम ने पूर्व सपा सरकार पर जमकर हमला और कहा कि 2017 से पहले सपा ने 10 लाख गुंडे पाले थे और हमने 10 लाख युवाओं को नौकरी देने का काम किया है।
लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश पुलिस में कुशल खिलाड़ी कोटे के अंतर्गत चयनित 470 खेल प्रतिभाओं को नियुक्ति पत्र वितरण किया गया। इनमें 43 उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस), 295 आरक्षी (नागरिक पुलिस) और 132 आरक्षी (पीएसी) शामिल हैं। इस दौरान अपने संबोधन में सीएम योगी ने कहा, “उत्तर प्रदेश पुलिस बल का आज हिस्सा बनने वाले सभी 470 युवा खिलाड़ियों को हृदय से बधाई! इस नियुक्ति पत्र के साथ आपकी जर्सी से वर्दी तक की यात्रा प्रारंभ हुई है। जर्सी में रहते हुए आपने जो कार्य किया और जो परिणाम दिए, सरकार को आपसे वर्दी में भी उसी प्रकार के प्रदर्शन की अपेक्षा है।”
उन्होंने आगे कहा, “युवा साथियों, आज जो नियुक्ति-पत्र आपको प्राप्त हो रहा है, यह न सरकार की कृपा है, न अनुकंपा है; यह आपके पसीने का परिश्रम है और उस परिश्रम की कीमत आज आपको उपलब्ध कराई जा रही है।अब तक हमारे जिन कुशल खिलाड़ियों ने ओलंपिक और अन्य प्रतियोगिताओं में प्रदेश के लिए मेडल जीते हैं, उन्हें प्रोत्साहन के रूप में ₹200 करोड़ से अधिक की राशि उपलब्ध कराई गई है।”
अवैध कब्जे मुक्त कराकर बन रहे स्टेडियम : सीएम योगी
इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि 64 हजार हेक्टेयर भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराकर आज उत्तर प्रदेश में गांव से लेकर प्रदेश स्तर तक खेल के मैदान, मिनी स्टेडियम, स्टेडियम और इंटरनेशनल स्टेडियम विकसित किए जा रहे हैं। हर कमिश्नरी में स्पोर्ट्स कॉलेज और उनमें Centre of Excellence स्थापित किए जा रहे हैं, जहां खिलाड़ियों को International Standard की प्रैक्टिस, बेहतर कोचिंग और आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी। आज उत्तर प्रदेश के पास अपनी Sports University भी है। हमारा लक्ष्य स्पष्ट है- प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं देकर उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना।”
सपा ने पाले थे 10 लाख गुंडे : सीएम योगी
कार्यक्रम के दौरान विपक्ष पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा, “2017 से पहले समाजवादी पार्टी ने प्रदेश में 10 लाख गुंडे पाले थे जो प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा पर खतरा बने हुए थे। प्रदेश में दंगा करवाते थे अराजकता पैदा करते थे। जो प्रदेश में गरीबों की जमीन पर कब्जा करते थे। लूटपाट करते थे। उनके ये गुंडे यूपी की पहचान के लिए संकट बने हुए थे। और हमने यूपी के 10 लाख नौजवानों को नौकरी दी है। जिन्होंने यूपी को नई पहचान दिलाई है।”



