
Harmanpreet Kaur left the captaincy : भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सभी फॉर्मेट से कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया है। उनकी कप्तानी में भारत ने 2025 महिला वनडे वर्ल्ड कप जीता, साथ ही एशिया कप का हालिया संस्करण भी जीता और एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल बरकरार रखा। हालांकि, हरमनप्रीत ने साफ़ किया कि वह खेलना जारी रखेंगी। उनके बाद स्मृति मंधाना को सभी फॉर्मेट की कप्तानी सौंपी जा सकती है। स्मृति कई मौकों पर टीम की कमान संभाल चुकी हैं।
हरमनप्रीत कौर ने मंगलवार इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा, “आज, मैं भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सभी फ़ॉर्मेट्स में कप्तानी छोड़ रही हूँ। यह फ़ैसला आसान नहीं है। इसमें बरसों की यादें, भावनाएँ, त्याग और ऐसे पल शामिल हैं जो ज़िंदगी भर मेरे साथ रहेंगे। मैंने इस टीम और भारतीय महिला क्रिकेट के लिए अपना सब कुछ दिया है — अपना खून-पसीना, अपना समय और कई बार, अपने खेल और निजी महत्वाकांक्षाओं का भी कुछ हिस्सा। ऐसे पल भी आए जब मुझे अपने व्यक्तिगत प्रदर्शन, अपनी तरक्की और अपनी चाहतों को एक तरफ़ रखना पड़ा, क्योंकि मेरा मानना था कि टीम सबसे पहले है।”
उन्होंने आगे लिखा, “एक कप्तान के तौर पर, मुझे मुश्किल फ़ैसले लेने पड़े। ऐसे फ़ैसले जिन्हें हमेशा समझा नहीं गया, जो हमेशा आसान नहीं थे, और कभी-कभी जिनकी निजी कीमत भी चुकानी पड़ी। लेकिन मैंने जो भी फ़ैसला लिया, उसके पीछे एक ही मकसद था – इस टीम को बेहतर बनाना और दूसरे खिलाड़ियों को आगे बढ़ने, खुद पर भरोसा करने और अपना सर्वश्रेष्ठ रूप पाने का मौका देना।”
भारत को पहले वर्ल्ड कप जिताने वाली कप्तान ने कहा, “मैंने सब कुछ देखा है। मैंने सबसे मुश्किल पल, दिल टूटने का दर्द, आलोचना, शक और ऐसे दिन भी देखे हैं जब कुछ भी हमारे पक्ष में नहीं लग रहा था। और मैंने सबसे शानदार पल भी अनुभव किए हैं – जीत, जश्न, देश का प्रतिनिधित्व करने का गर्व और वे पल जिन्होंने हर त्याग को सार्थक बना दिया। आज मैं भावनाओं से भरे दिल के साथ, लेकिन मन में शांति के साथ कप्तानी छोड़ रही हूँ। क्योंकि मेरा सच में मानना है कि मेरी टीम सही स्थिति में है। एक ऐसी टीम जिसमें टैलेंट, चरित्र, भरोसा और एक ऐसा भविष्य है जिसे देखने और जिसका हिस्सा बनने के लिए मैं बहुत उत्साहित हूँ। मुझे लगता है कि मैंने अपना फ़र्ज़ निभाया है।”
हरमनप्रीत ने टीममेट, कोच, सपोर्ट स्टाफ़, मैनेजमेंट, BCCI, परिवार के सदस्यों और हर उस फ़ैन का शुक्रिया किया। बता दें कि हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत ने 2025 महिला वनडे वर्ल्ड कप जीता, साथ ही एशिया कप का हालिया संस्करण भी जीता और एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल बरकरार रखा



