उत्तर प्रदेशराजनीतिराज्य

अखिलेश यादव ने किया साफ- सपा राज्यसभा चुनाव में नहीं उतारेगी तीसरा उम्मीदवार

लखनऊ। यूपी में 10 सीटों पर होने वाले राज्यसभा में चुनाव में सपा की ओर से तीसरा उम्मीदवार उतारे जाने के कयास लगाये जा रहे थे। लेकिन, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार को इन कयासों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी नजर राज्यसभा तीन सीट पर नहीं, बल्कि विधानसभा की 403 सीट पर है।

दरअसल, पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “अब हमारी निगाह तीन पर नहीं, चार सौ तीन पर है।” इस पोस्ट को राज्यसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। इससे आठ सीटों पर भाजपा के उम्मीदवारों का निर्विरोध चुना जाना तय है। 9 अक्टूबर को नाम वापसी की अवधि गुजरने के बाद ही इसकी घोषणा की जाएगी।

बता दें कि बीते दिनों समाजवादी पार्टी ने अपने दो राज्यसभा उम्मीदवारों का एलान किया था। इसमें से एक धनराज लखवानी और दूसरे डॉ. रामगोपाल यादव हैं। वहीं, भाजपा ने सोमवार को अपने आठ उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव के फैसले पर सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर (OP Rajbhar) ने तंज कसते हुए एक्स पर कहा- “मित्र अखिलेश जी, बस हो गया टांय टांय फिस्स! वैसे कभी कभी ही सही, आप कुछ समझदारी का काम भी कर ही लेते हैं। जैसे आज किया। रही बात 403 की तो बस यही कहूंगा कि सपने देखना बुरी बात नहीं है।”

Related Articles

Back to top button