
CJP protests against CEC : चुनावों और SIR में कथित गड़बड़ियों के आरोपों में घिरे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आज दिल्ली के जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन होने वाला है। कॉकरोच जनता पार्टी और GenZ ने सुबह 11 बजे इकट्ठा होने का ऐलान किया है। लेकिन, इस विरोध प्रदर्शन के लिए दिल्ली पुलिस ने अनुमति नहीं दी है।
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने गांधी जयंती पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है और गुरुवार को नई दिल्ली और उसके आसपास अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए हैं। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA), राज्यसभा सांसद मनोज झा और सुप्रीम कोर्ट के वकील प्रशांत भूषण द्वारा बुलाए गए इस विरोध प्रदर्शन की शुरुआत शुक्रवार सुबह 11 बजे होनी है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस सभा में करीब 3,000 से 4,000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद थी, जिसके चलते इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने जंतर मंतर की किलेबंदी कर दी है। वहां आने वाले हर रास्ते पर लोहे के बेरिकेड लगाए हैं। दंगा नियंत्रण वाहन तैनात है। पुलिस, पैरा मिलिट्री फोर्स लगाई है। दिल्ली की तरह मुंबई में भी CJP ने प्रोटेस्ट कॉल बुलाई है।
इस बीच, दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने X पर पोस्ट किया, “सर्विस अपडेट: अगले आदेश तक इन मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद रहेगी। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी: 1. जनपथ 2. पटेल चौक 3. सेंट्रल सेक्रेटेरिएट 4. राजीव चौक 5. सेवा तीर्थ 6. मंडी हाउस 7. लोक कल्याण मार्ग 8. INA 9. चावड़ी बाजार 10. रामकृष्ण आश्रम मार्ग 11. नई दिल्ली”



