देश

झारखंड के तीन दुश्मन-झामुमो, कांग्रेस और आरजेडी : माेदी

मशेदपुर : झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को जमशेदपुर के गोपाल मैदान में प्रदेश में सत्तारूढ़ गठबंधन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि झारखंड के तीन दुश्मन हैं। इनके नाम हैं-झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल। इन दुश्मनों को झारखंड के लोग जितनी जल्दी पहचान लेंगे, उतना झारखंड का भाग्य सुनिश्चित होगा। प्रधानमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन रैली को संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान मैं झारखंड आया था। तब देश में बड़े-बड़े झूठ, बड़ी-बड़ी अफवाहें, झूठ बोलने की मशीन और देश को बांटने और तोड़ने वाली ताकतों पर आपका आशीर्वाद भारी पड़ा। उन्होंने कहा कि आपका भरोसा मोदी पर है। मध्यम वर्ग का भरोसा मोदी पर है। इस भरोसे को कायम रखने के लिए मोदी कोई कोर-कसर बाकी नहीं छोड़ेगा।

मोदी ने भारत माता की जय के नारे लगाए और कहा कि हमारा रिश्ता अपनेपन का है। झारखंड का सपना, भाजपा का अपना सपना है। मोदी ने कहा कि पहली बार भाजपा की सरकार ने झारखंड के पिछड़े जिलों के विकास की चिंता की। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत भाजपा की सरकार ने की। पिछड़े आदिवासी युवाओं की चिंता की। उनकी शिक्षा के लिए एकलव्य विद्यालय हमने बनाए। भाजपा ने आदिवासी समाज की एक महिला को देश का राष्ट्रपति बनाया। अब तक की सरकारें खनिज संपदा से संपन्न झारखंड से केवल वसूली करती थी। हमने डीएमएफ बनाया। आपको आपका हक दिलाया।

मोदी ने कहा कि कांग्रेस को झारखंड से नफरत है। उसने कितने दशक तक दिल्ली में बैठकर देश पर राज किया। उन्होंने देश के दलित, पिछड़े और आदिवासी समाज को कभी आगे नहीं बढ़ने दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि ये लोग स्वार्थ और सत्ता में किसी भी हद तक जा सकते हैं। ये जेएमएम वाले, जिन्होंने आपके वोट से अपनी राजनीति चमकाई, आज वो किसके साथ खड़े हैं। उन लोगों के साथ खड़े हैं, जो आदिवासियों की जमीन पर कब्जा करने वालों के साथ हैं। इस समय झारखंड का बहुत बड़ा मुद्दा घुसपैठ है। यह हर झारखंडी के लिए चिंता का विषय है। जवान बेटियों के हर मां-बाप के लिए चिंता का विषय है। झारखंड हाई कोर्ट ने घुसपैठ पर एक आदेश दिया लेकिन झारखंड सरकार मानने को तैयार नहीं है कि राज्य में घुसपैठ हो रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि झारखंड में बांग्लादेशी रोहिंग्या की घुसपैठ बहुत बड़ा खतरा है। यहां की डेमोग्राफी बहुत तेजी से बदल रही है। उन्होंने कहा कि संताल परगना में आदिवासियों की आबादी तेजी से कम हो रही है। यहां के लोगों की जमीन हड़पी जा रहीं हैं। घुसपैठिये पंचायतों में व्यवस्था पर कब्जा कर रहे हैं। बेटियों के साथ अत्याचार की वारदातें बढ़ रही हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि झारखंड के शहर हों या झारखंड के गांव, इस घुसपैठ की वजह से हर झारखंडी असुरक्षित महसूस कर रहा है। सच्चाई यह है कि जेएमएम के लोग बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों के साथ हमेशा साथ खड़े हैं। ये कट्टरपंथी जेएमएम को भी अपने कब्जे में लेते जा रहे हैं। ऐसा इसलिए हो रहा है। क्योंकि, जेएमएम में कांग्रेस का भूत घुस गया है।

Related Articles

Back to top button