उत्तर प्रदेशराजनीतिलखनऊ

‘2017 से पहले भर्ती निकलते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए भी निकल पड़ती थी…’ CM योगी ने अखिलेश-शिवपाल पर साधा निशाना

लखनऊ : “वर्ष 2017 से पहले पुलिस भर्तियों में अनियमितताओं, भेदभाव और भ्रष्टाचार से युवाओं का विश्वास प्रभावित होता था। भर्ती निकलते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए भी निकल पड़ती थी।” ये बातें सीएम योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस के चयनित 4,543 उप निरीक्षकों और प्लाटून कमांडरों को नियुक्ति-पत्र वितरण से पहले कही।

दरअसल, लखनऊ में शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स एक समारोह का आयोजन किया जाएगा। जिसमें सीएम योगी उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों के 4,543 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र सौंपेंगे। इससे पहले सीएम योगी ने एक्स पोस्ट के जरिये सपा प्रमुख अखिलेश यादव और उनके चाचा शिवपाल यादव पर बिना नाम लिए निशाना साधा है। उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश में पुलिस बल को सशक्त बनाने के साथ युवाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी और मेरिट आधारित भर्ती प्रक्रिया से सेवा का अवसर देना हमारी सरकार की प्राथमिकता है।”

सीएम योगी ने आगे कहा, “डबल इंजन सरकार ने इस व्यवस्था को बदलकर युवाओं के परिश्रम और प्रतिभा को उनका अधिकार दिलाया है। अब नौकरी पाने के लिए किसी सिफारिश या धन की नहीं, केवल योग्यता की आवश्यकता है। वर्ष 2017 से अब तक उत्तर प्रदेश पुलिस में विभिन्न पदों पर हुईं 2.26 लाख से अधिक भर्तियां इसी बदली हुई कार्य-संस्कृति का प्रमाण हैं। इसी शृंखला के विस्तार में आज लखनऊ में उत्तर प्रदेश पुलिस के चयनित 4,543 उप निरीक्षकों एवं प्लाटून कमांडरों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए जाएंगे। सभी चयनित अभ्यर्थियों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।”

Related Articles

Back to top button