उत्तर प्रदेशगाजियाबादराजनीति

गाजियाबाद ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा : CM योगी बोले- आपातकाल लगाने वाली कांग्रेस आज हमें दे रही है उपदेश

गाजियाबाद। “लोकतंत्र के बारे में आज कांग्रेस हमें उपदेश दे रही है। ये वही कांग्रेस है जिसने 1975 में देश में आपातकाल लागू किया था। देश के अंदर आपातकाल के मंसूबों के साथ चलने वाली कांग्रेस जब आज लोकतंत्र पर उपदेश देती है तो यह बड़ी हास्यास्पद स्थिति सी उनके सामने खड़ी करती है।” ये बातें यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गाजियाबाद में भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान कही।

सीएम योगी ने गाजियाबाद में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और अन्य जनप्रतिनिधियों के पार्टी पदाधिकारियों के साथ शामिल हुए। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, “आपने पिछले कुछ समय से कांग्रेस की अराजकता को देखा होगा कि कैसे वो अपने स्वार्थ के लिए दुनिया के सबसे प्राचीन और सबसे बड़े लोकतंत्र को ही अविश्वसनीय बनाने की कुत्सित चेष्टा कर रही है। पहली बार नहीं हुआ है। भारत के संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करना, उन्हें कटघरे में खड़ा करना कांग्रेस की प्रवृती बन चुकी है। आश्चर्य होता है कि देश के संवैधानिक संस्थाओं पर अनर्गल टिप्पणी करके, लोकतंत्र के प्रति अनास्था व्यक्त करके कांग्रेस भारत के स्वाधीनता संग्राम सेनानियों की विरासत को अपमानित करने का पाप कर रही है।”

सीएम योगी ने आगे कहा, “आज कांग्रेस और उसके सहयोगी दल के दिल्ली में प्रदर्शन के पीछे कारण क्या है? एक ही कारण है क्योंकि पीएम मोदी के नेतृत्व में नए भारत ने पहचान बनाई है, विरासत और विकास की यात्रा को शानदार तरीके से आगे बढ़ाने का काम किया है। कांग्रेस और उसके सहयोगी दल सिर्फ कटघरे में खड़ा करके रुकावट बनना चाहते हैं।”

Related Articles

Back to top button