आगराउत्तर प्रदेश

आगरा की कोर्ट में धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ मानहानि का वाद दायर, भगवान श्रीकृष्ण पर की थी विवादित टिप्पणी

आगरा : भगवान श्रीकृष्ण पर विवादित टिप्पणी और उनकी प्रभु राम से तुलना करने वाले कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री की मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही हैं। अब इस मामले में कथावाचक के खिलाफ वकील अजय प्रताप सिंह ने आगरा कोर्ट में मानहानि का मुकदमा दायर किया गया है। वकील ने सिविल जज जूनियर डिवीजन-पंचम कंचन कुमारी के कोर्ट में वाद दायर किया है।

जानकारी के अनुसार, कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ दायर मानहानि के मामले में पहली सुनवाई हो चुकी है और अगली सुनवाई 14 दिसंबर को होगी। इस मामले के वादी और वकील अजय प्रताप सिंह के अनुसार, कोर्ट सुनवाई के दौरान मथुरा गजेटियर और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के पहले महानिदेशक अलेक्जेंडर कनिंघम की ‘रिपोर्ट आफ ए टूर इन ईस्टर्न राजपूताना इन 1882-83’ पेश की। उन्होंने कहा कि माता पक्ष से मैं भगवान श्रीकृष्ण का वंशज हूं। भगवान श्रीकृष्ण का जन्म द्वापर युग में मानव रूप में मथुरा में हुआ था। वह भगवान विष्णु के अवतार थे, जो धर्म की स्थापना के लिए धरती पर मानव रूप में आए।

वादी ने कोर्ट को बताया कि कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री ने हाल में ही भगवान श्रीकृष्ण के संबंध में जो अनुचित टिप्पणी की है, जो कोई भी सनातनी स्वीकार नहीं करेगा। भगवान श्रीकृष्ण के वंशज अभी देश में रहते हैं। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की टिप्पणी भगवान कृष्ण के वंशजों की सामाजिक प्रतिष्ठा को हानि पहुंचाने वाली है। बता दें कि वकील अजय प्रताप सिंह इससे पहले राजा जयचंद को लेकर की गई टिप्पणी पर बहुचर्चित कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर के खिलाफ भी वाद दायर किया है। इस पर भी कोर्ट में सुनवाई चल रही है।

Related Articles

Back to top button