
जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को 3650 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 8 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का भूमि पूजन, कार्य शुभारंभ और लोकार्पण किया। इस दौरान वर्षों से जाम की समस्या से जूझ रहे मुंगराबादशाहपुर को करीब 197 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 4.335 किलोमीटर लंबे बाईपास की सौगात मिली। वहीं, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ठेकेदारों को खुली चेतावनी भी दी।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा- “मैं किसान हूं। चार चीनी मिलें चलाता हूं। मेरे इलाके के 10 लोकसभा क्षेत्रों में कोई मेरी फोटो लगाए बिना जीतता नहीं है। सभी मेरी फोटो लगाते हैं। सारे किसान मेरे साथ जुडे़ हैं। मेरे क्षेत्र में 10 हजार किसानों ने आत्महत्या की थी। मैं 30 साल से उसके लिए काम कर रहा हूं।” उन्होंने कहा- “अब हमारा किसान अन्नदाता नहीं उर्जादाता होगा। मैं इसी महीने टोयोटा की इन्नोवा लांच कर रहा हूं। जो किसानों के बनाए ऐथेनाल से चलेगी। वो गाड़ी 100 प्रतिशत एथेनाल पर चलेगी। मैं ट्रांसपोर्ट मंत्री हूं। मैंने टीवीएस, हीरो और होंडा की कई मोटरसाइकिलें लॉन्च की हैं, जो किसानों के बनाए एथेनॉल से चल रही हैं।”
इस मौके केंद्रीय मंत्री ने उत्तर प्रदेश में 5 लाख करोड़ रुपए की लागत से सड़कें बनाने का ऐलान भी किया। इसके साथ ही गडकरी ने ठेकेदारों को चेतावनी देते हुए कहा, “मैं ठेकेदारों को बता देना चाहता हूं कि मैंने किसी भी ठेकेदार से एक पैसा नहीं लिया है। अगर काम खराब होगा तो ऐसा रगड़ देंगे कि दोबारा कोई काम नहीं कर सकोगे।”
बता दें कि नितिन गडकरी ने 627 करोड़ रुपये की लागत से बने मछलीशहर-जंघई-दुर्गागंज-भदोही राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-731बी) का लोकार्पण किया है। करीब 49 किलोमीटर लंबे इस टू-लेन हाईवे से भदोही और जौनपुर के बीच आवागमन आसान होगा। मछलीशहर से भदोही तक का सफर ढाई घंटे से घटकर करीब 40 मिनट होने की उम्मीद है। तीन रेलवे ओवरब्रिज, 10 लघु पुल, दो अंडरपास और 69 कलवर्ट से सुसज्जित यह हाईवे कालीन उद्योग, व्यापार और आम लोगों के आवागमन को नई गति देगा। कालीन नगरी भदोही के विकास और बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम।



