खेल

टीम इंडिया ने लगातार 3 बार ACT का खिताब जीतकर रचा इतिहास, फाइनल में चीन को हराया

भोपाल : टीम इंडिया ने शनिवार को विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में चीन को 3-1 से मात दी। इसके साथ टीम ने लगातार तीन बार टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया है। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने चौथी बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी (2016, 2023, 2024 और 2026) का खिताब अपने नाम किया और टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम बन गई।

इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में, दीपिका सहरावत के शानदार खेल की बदौलत टीम इंडिया ने पिछड़ने के बाद वापसी की। 24वें मिनट में चेन युजुन के गोल से चीन ने बढ़त बना ली थी, लेकिन इसके जवाब में भारत ने लगातार तीन गोल दाग दिए। दीपिका (37वें और 42वें मिनट) ने दो गोल किए, जबकि इशिका चौधरी (41वें मिनट) ने भी एक गोल करके मैच का पासा पलट दिया। चीन के खिलाफ फाइनल में यह भारत की लगातार तीसरी जीत थी।

हालांकि, फाइनल मैच के दौरान भीड़ को संभालने में भारी अव्यवस्था देखने को मिली। स्टेडियम में बैठने की क्षमता सिर्फ 2,000 थी, लेकिन वहां 6,000 से ज्यादा प्रशंसक जमा हो गए। गेट बंद होने के बाद हजारों लोग गैलरी और स्टेडियम के बाहर ही फंसे रह गए। फ्री एंट्री और मुख्य प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच न होने के कारण भीड़ बेकाबू हो गई।

Related Articles

Back to top button