उत्तर प्रदेशराजनीति

मायावती की बड़ी मांग : SC-ST महिलाओं को लोकसभा व विधानसभा में अलग से मिले आरक्षण

लखनऊ : शीतकालीन सत्र से पहले मोदी सरकार संसद के विशेष सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन बिल पेश करने की तैयारी में है। जिसको लेकर सियासी घमासान छिड़ा हुआ है। इस बीच बसपा सुप्रीमो मायावती ने लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33% आरक्षण देने के फैसले का स्वागत किया है। इसके साथ ही उन्होंने एससी और एसटी समाज की महिलाओं को अलग से आरक्षण दिये जाने की मांग भी उठाई है।

बसपा सुप्रीमो मायावती ने शनिवार को एक्स पोस्ट में कहा, “जैसाकि यह सर्वविदित है कि परमपूज्य बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर के अति-मानवतावादी, कल्याणकारी व समतामूलक संविधान की पवित्र मंशाओं/उद्देश्यों आदि के प्रति सदा ही निष्ठावान एवं ईमानदार रहने के नाते बी.एस.पी. शुरू से ही देश में सर्वसमाज की महिलाओं के सम्मान व सुरक्षा सहित उन्हें राजनीति में भी उचित आदर/अवसर दिये जाने की ज़बरदस्त पक्षधर रही है और इसीलिये देश की लोकसभा व राज्यों की विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण को जल्द से जल्द लागू करने की माँग लगातार करती रही है तथा इस बारे में केन्द्र सरकार के ताज़ा फैसले का स्वागत भी करती है। किन्तु अच्छा बल्कि ऐतिहासिक होता अगर सदियों से शोषित-पीड़ित व उपेक्षित रहीं ख़ासकर एससी व एसटी समाज की महिलाओं को इसी में ही अलग से आरक्षण देने की व्यवस्था कर दी जाती, ताकि संकीर्ण, जातिवादी, धन व बाहुबल आदि से ग्रसित यहाँ की चुनावी राजनीति में उन्हें भी सही से भाग लेकर थोड़ा आगे बढ़ने का मौक़ा मिल जाता तो यह निश्चय ही देश व जनहित की बेहतर बात होती। इस पर केन्द्र सरकार अभी भी सहानुभूतिपूर्वक विचार कर ले तो यह ज़रूर ही उचित व न्यायपूर्ण भी होगा।

परिसीमन बिल के पीछे बताया राजनीतिक स्वार्थ

यूपी की पूर्व सीएम मायावती ने कहा, “वैसे देश की लोकसभा और सभी राज्यों की विधानसभा में मौजूदा सीट संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि आदि से सम्बंधित तीन विधेयकों तथा तत्सम्बंधी परिसीमन निर्धारण करने के दौरान में सीटों की सीमा तय करने में गड़बड़ी करके राजनीतिक व चुनावी स्वार्थ की पूर्ति करने का आरोप कोई नई बात नहीं है। वास्तव में जो भी पार्टी केन्द्र की सत्ता में रहती है वह ऐसे अधिकतर मामलों में देश व जनहित की परवाह कम तथा पार्टी हित/स्वार्थ को अधिक महत्व देती है, जो किसी से भी छिपा हुआ नहीं है।”

उन्होंने आगे कहा, “ऐसे में देश में सर्वसमाज के लोग अच्छी सरकार के लिये, बिना किसी धर्म, जाति व क्षेत्रीयता आदि की भावना में बहे हुये तथा बिना किसी लुभावने वादे, दावे व घोषणाओं आदि के छलावा में आये हुये, अच्छे लोगों को ही चुनने का संकल्प लें तो यह यहाँ देश के लोकतंत्र एवं संविधान की सुरक्षा और सम्मान में असली गारण्टी होगी, जिसके लिये बी.एस.पी. तत्पर है।”

Related Articles

Back to top button