
लखनऊ : केंद्र की मोदी सरकार ने 30 नवंबर 2026 से 2 दिसंबर तक संसद का विशेष सत्र बुलाया है। इस शीतकालीन सत्र से पहले इस सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन बिल पेश करने की तैयारी है। जिसको लेकर सियासी घमासान छिड़ा हुआ है। इस बीच, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि भाजपा को लोकसभा क्षेत्रों की सीमाओं की चिंता है, देश की नहीं।
दरअसल, मोदी सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन बिल पास कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत जुटाने में लगी है। इसको लेकर विपक्षी दलों में मतभेद की खबरें सामने आ रही हैं। कांग्रेस और सपा समेत कई विपक्षी दल परिसीमन (द्वितीय) बिल, 2026 को लेकर सरकार पर राजनीतिक लाभ, लोकतंत्र को कमजोर करने और बिना पर्याप्त सुरक्षा उपायों के सीटों के पुनर्गठन की कोशिश करने का आरोप लगा रहे हैं। सपा सांसद अखिलेश यादव ने शनिवार को एक्स पोस्ट में कहा- “भाजपा के लिए चुनाव ही सब कुछ है देश नहीं, इसीलिए उसे लोकसभा क्षेत्र की सीमाओं की चिंता है देश की सीमाओं की नहीं।”
बता दें कि संविधान के अनुच्छेद 334A के तहत महिलाओं के लिए सीटों के आरक्षण को तुरंत लागू करने के उद्देश्य से, सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि करने का एक नया प्रावधान किया गया है। चूंकि परिसीमन विधेयक, 2026 की जगह परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 लाया जा रहा है, जिसमें इसके प्रावधानों में काफी बदलाव किए गए हैं, इसलिए लोकसभा में लंबित परिसीमन विधेयक, 2026 को वापस लेने का प्रस्ताव है।



