
लखनऊ: कोटक महिंद्रा बैंक के मैनेजर अनुराग शुक्ला पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। अलीगंज थाना क्षेत्र के पुरनिया चौराहे के पास 29 अक्टूबर को शुक्ला पर उसकी पत्नी आशी मिश्रा ने ही गोली चलवाई थी। पत्नी ने अपने सिपाही बॉयफ्रेंड नितिन राणा के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यूपी पुलिस के सिपाही नितिन राणा और आशी मिश्रा की मुलाकात साल–2022 में एक पब्लिक लाइब्रेरी में हुई थी। फिर दोनों के बीच अफेयर शुरू हो गया। लेकिन, 2025 में आशी मिश्रा की शादी अनुराग शुक्ला से हुई। इसके बावजूद नितिन और आशी का अफेयर जारी रहा। इस बीच, आशी ने अनुराग का फोन चेक किया तो उसे पता चला कि उसके पति के अन्य महिलाओं से बातचीत की जानकारी मिली। इस पर उसने नितिन को बताया कि उसका पति अनुराग उसे धोखा दे रहा है। जिसके बाद दोनों ने मिलकर अनुराग की हत्या की साजिश रच डाली।
अनुराग शुक्ला की पत्नी आशी मिश्रा ने अपने बॉयफ्रेंड यूपी पुलिस के कांस्टेबल नितिन राणा के साथ मिलकर तीन महीने पहले हत्या की साजिश रची थी। दोनों ने 6 लाख रुपए सुपारी देकर अनुराग की हत्या के इरादे से 28 अक्टूबर को गोली चलवाई थी। घटना के समय रात करीब 10:30 बजे अनुराग पुरनिया चौराहे के पास केंद्रीय भवन के गेट के निकट एक फास्ट फूड दुकान के बगल में थे। गोली उनके दाहिने हाथ में लगी थी। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए थे। सिपाही नितिन बागपत जिले का रहने वाला है, इसलिए उसने वहीं के शूटर हायर किए। किस्मत अच्छी थी कि गोली अनुराग के हाथ में लगी और वो बच गए।
डीसीपी उत्तरी की स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ अलीगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इस साजिश का पर्दाफाश हुआ। इस मामले में सिपाही नितिन राणा, घायल अनुराग की पत्नी आशी मिश्रा, बड़ौत (बागपत) के शूटर मयंक वशिष्ठ, शुभम शर्मा, शिवम राजपूत को गिरफ्तार किया गया है।



