
गाजियाबाद: सपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान को बुधवार आखिरकार गाजियाबाद की डासना जिला जेल से रिहा हक गए। इस मौके पर भारी संख्या में जेल के बाहर उनके समर्थकों ने जश्न मनाया। वहीं, आजम खान ने जांच एजेंसी ईडी को नसीहत दी कि वह अपनी छवि सुधारे और देश को बर्बाद न करे।
दरअसल, ईडी द्वारा दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट से उन्हें अंतरिम जमानत मिल गई थी। यूपी के पूर्व मंत्री आजम खान को कई कानूनी घटनाक्रमों के बाद यह बड़ी राहत मिली है। बुधवार शाम उनके के अंतरिम जमानत पर रिहा होकर गाजियाबाद की डासना जिला जेल से बाहर आने पर उनके समर्थकों ने जश्न मनाया। इस मौके पर सपा नेता आजम खान ने मीडिया से कहा कि उनके खिलाफ जो जुल्म संभव थे, वो सब हुए। उनका गुनाह सिर्फ इतना है कि एक मुसलमान ने शिक्षा का मंदिर बनाया है। बरहाल अदालत ने बहुत इंसाफ़ किया। उसके लिए वह बहुत शुक्रगुजार हैं।
ईडी की कार्रवाई को लेकर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “ईडी वाले अपनी इमेज ठीक करें। अपने आपको सुधारें। न देश को बर्बाद करें, न खुद को बर्बाद करें।” इससे पहले बुधवार को ईडी ने आजम खान की अंतरिम जमानत के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था और तत्काल सुनवाई की मांग की थी। लेकिन, कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया था। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी मोहना की पीठ ने कल 19 नवंबर को सुनवाई के लिए सहमति दे दी है।



