
Akhilesh Yadav Gorakhpur Visit : ‘गोरखपुर में आकर मुझे लगा कि मैं स्पेन में आ गया हूं, लगा मुझे कि मैं गोरखपुर नहीं स्पेन की यात्रा पर आया हूं। यहां पर भारतीय जनता पार्टी के झूठे वादे वाला स्पेन और वेनिस भी है।’ ये बातें सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार को गोरखपुर में कही। उनका यह बयान स्थानीय सांसद रवि किशन के गोरखपुर को स्पेन बताने वाले दावे पर तंज था।
दरअसल, सीएम योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने PDA रथ से 20 किलोमीटर रोड शो किया और एक विशाल रैली को संबोधित किया। देवकही में सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विनय कुमार सिंह “बिन्नू” की स्मृति दिवस पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “जिस समय पूरा देश आंदोलन में था, जब जनता सड़को पर थी, चौरी चौरा के उस समय के संघर्ष में बड़ी संख्या में लोग शहीद हुए, ऐसी धरती पर आने पर हमें गर्व है। आज भी हमारे अमर बलिदानी बाबू बंधू सिंह जी हमें याद हैं, उनके साथ पीडीए समाज के बड़ी संख्या में योद्धा जो शहीद हुए, हम उन्हें भी याद कर रहे हैं।”
भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए पूर्व सीएम ने कहा, “गोरखपुर की जनता में क्या उत्साह देखने को मिल रहा है। अगर आज वोट पड़ जाये तो काशी का डबल जीरो गोरखपुर में भी जाएगा।” बिना नाम लिए सीएम योगी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “हमारे जो मुखिया हैं, उनका ज्ञान और जानकारी देखकर लगता है कि वो वाचस्पति हैं।”
अखिलेश ने कहा, “दलितों के ऊपर भी अन्याय कहीं हो रहा है तो सबसे ज्यादा गोरखपुर में हो रहा है…यहां मेडिकल कॉलेज में बच्चों की बिना ऑक्सीजन की वजह से जान चली गई थी। उन सब बच्चों की मदद अगर किसी ने की थी तो समाजवादी पार्टी ने की थी। यहां के सरकारी अस्पतालों में इलाज नहीं हो पा रहा है जो होना चाहिए, गरीबों से अभी भी पैसा वसूला जा रहा है। आने वाले समय में एम्स की तरह मेडिकल कॉलेज में भी सुविधा मिलने का काम होगा। समाजवादी सरकार बनेगी तो आपको कोई कार्ड नहीं दिखाना पड़ेगा।”



