
लखनऊ : यूपी की राजधानी लखनऊ में किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में MBBS फर्स्ट ईयर के छात्र व छात्राओं का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में छात्र कतार में खड़े होकर आस-पास से गुजर रहे सीनियर डॉक्टर्स को ‘प्रणाम महोदय जी’ जबकि छात्राएं सीनियर महिला डॉक्टर्स को ‘प्रणाम मैडम जी’ कह रही हैं। जिसको लेकर सीनियर्स पर रैगिंग के आरोप लग रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे कलाम सेंटर के बाहर की है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कतार में अभिवादन करते छात्र-छात्राओं के चेहरे पर डर साफ झलक रहा है। वहीं, जूनियर्स छात्रों के साथ कथित दुर्व्यवहार के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी मामले में कोई प्रभावी हस्तक्षेप सामने नहीं आया है। इस दौरान मौके पर सुरक्षाकर्मी भी मौजूदा हैं और आस-पास में खड़े लोग अपने फोन से वीडियो बना रहे हैं।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों की नाराजगी देखने को मिल रही है। कई यूजर्स ने KGMU की प्रशासनिक नीतियों और व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, KGMU के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने इसे सीनियर डॉक्टर्स के प्रति सम्मान जताने का एक तरीका बताया है। उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक रैगिंग की कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई होगी।



