
Dhoni retires from IPL : चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस के लिए मंगलवार का दिन बेहद भावुक करने वाला रहा है, क्योंकि उनके थाला यानी महेंद्र सिंह धोनी ने लगभग दो दशकों के बाद चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के साथ अपने खेल करियर का समापन कर दिया है, लेकिन इस फ्रेंचाइजी के साथ उनका जुड़ाव अभी खत्म नहीं हुआ है। भारत के पूर्व कप्तान IPL 2027 से टीम मेंटर की भूमिका निभाएंगे, जिससे पांच बार की IPL चैंपियन टीम के साथ उनके सफर का एक नया अध्याय शुरू होगा।
धोनी के संन्यास और CSK के साथ उनके बने रहने वाले जुड़ाव पर बात करते हुए, फ्रेंचाइजी के मालिक एन. श्रीनिवासन ने एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, “MS धोनी के बिना CSK की कल्पना नहीं की जा सकती। लगभग दो दशकों तक, हमने जीत, हार और हर तरह के उतार-चढ़ाव के बीच एक-दूसरे का साथ दिया है और साथ मिलकर आगे बढ़े हैं।” श्रीनिवासन ने आगे कहा, “2008 में, मैंने ज़ोर देकर कहा था कि धोनी को CSK का हिस्सा होना चाहिए… यह मेरा लिया गया सबसे बेहतरीन फ़ैसला साबित हुआ। ऐसा इसलिए नहीं कि उन्होंने फ्रेंचाइजी के लिए बहुत कुछ हासिल किया है, बल्कि इसलिए कि वह एक बेहतरीन इंसान हैं। धोनी हमेशा हमारी पहचान का हिस्सा रहेंगे। यह हमेशा उनका घर रहेगा।”
धोनी 2008 में IPL के पहले सीज़न में CSK से जुड़े और उन्होंने इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीमों में से एक को तैयार किया। उनकी कप्तानी में, CSK ने 5 IPL खिताब जीते। वह इस फ्रेंचाइजी के लिए दूसरे सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी (5,314 रन) हैं और 272 मैचों (IPL और चैंपियंस लीग T20 मिलाकर) के साथ सबसे ज़्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं। भले ही एक खिलाड़ी के तौर पर उनका सफ़र अब खत्म हो रहा है, लेकिन धोनी का अनुभव टीम के लिए बहुत काम का साबित होगा, ख़ासकर तब जब टीम में कई युवा खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं।
IPL 2026 में धोनी CSK का हिस्सा थे, लेकिन वह एक भी मैच नहीं खेल पाए। ‘राइजिंग पुणे सुपरजायंट’ के साथ बिताए दो सीज़न को छोड़कर, धोनी ने अपना पूरा करियर ‘सुपर किंग्स’ के लिए खेला और कुल 278 IPL मैच खेले। उन्होंने 38.30 की औसत और 137.46 के स्ट्राइक रेट से 5,439 रन बनाए, जिसमें 24 अर्धशतक और 264 छक्के शामिल हैं।



