
लखनऊ : यूपी के पूर्व मंत्री और सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान को ईडी के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर हुई सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने आजम खान को अंतरिम जमानत दे दी। जिसके बाद बुधवार शाम तक उनके गाजियाबाद की डासना जेल से बाहर आ आने की उम्मीद है।
ईडी की गिरफ्तारी के खिलाफ आजम खान की याचिका पर सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने माना कि पहली नजर में आजम खान की गिरफ्तारी के दौरान संविधान के अनुच्छेद 22(1) और मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) की धारा 19 के जरूरी प्रावधानों का सख्ती से पालन नहीं किया गया।कोर्ट ने सपा नेता को निजी मुचलके और समान राशि के दो जमानतदारों के आधार पर रिहा करने का निर्देश दिया है। आजम खान को गाजियाबाद के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) की संतुष्टि के अनुसार जमानत बॉन्ड भरना होगा।
हाईकोर्ट के फैसले पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने एक्स पोस्ट में कहा, “आदरणीय आज़म ख़ान साहब की ज़मानत मंज़ूर होना इंसाफ़ की जीत है। यही सदाक़त की ताक़त होती है कि आख़िर में सच ही जीतता है।”
आदरणीय आज़म ख़ान साहब की ज़मानत मंज़ूर होना इंसाफ़ की जीत है। यही सदाक़त की ताक़त होती है कि आख़िर में सच ही जीतता है।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) November 17, 2026
गौरतलब है कि PAN कार्ड से जुड़े कथित धोखाधड़ी के एक मामले में जमानत पर रामपुर जेल से रिहा होने के कुछ ही समय बाद 31 अक्टूबर को ईडी ने आजम खान को गिरफ्तार कर लिया था। ये गिरफ्तारी मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट से जुड़ी कथित गड़बड़ियों के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई थी। इसके बाद आजम खान ने इलाहाबाद हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, जब सुप्रीम कोर्ट ने 5 नवंबर को 31 अक्टूबर की गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली उनकी रिट याचिका को ट्रांसफर करने का आदेश दिया।



