
लखनऊ : आगामी विधानसभा चुनाव से पहले एक बार फिर जातिगत जनगणना का मुद्दा गरमाने लगा है। इस मुद्दे पर पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा कि जातिगत जनगणना से सामाजिक न्याय का रास्ता खुलेगा। साथ ही उन्होंने भाजपा पर नौकरियों में आरक्षण छीनने का आरोप लगाया है।
लखनऊ में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “देश मांग कर रहा है कि जातिगत जनगणना हो और जातिगत जनगणना होगी तो सामाजिक न्याय का रास्ता खुलेगा। भाजपा वो पार्टी है जिसने आरक्षण छीना, नौकरियों में आरक्षण छीना, स्कूल बंद कर दिए और जितनी भी सरकारी नौकरियां मिलनी चाहिए थी, उसके पेपर लीक करवा दिए। ये वो सरकार है जो सामाजिक न्याय के राज के रास्ते पर नहीं चलना चाहती है, लोगों के रोजगार छीन रही है। इनसे आप क्या उम्मीद करोगे? वे जातिगत जनगणना करवाएं और आबादी के आधार पर सभी को उनका अधिकार दिलवा दें।”
‘2017 से पहले सरकारी नौकरियों में लूट’ वाले सीएम योगी के बयान पर उन्होंने कहा, “…एक योगी से उम्मीद ये की जाती है कि वो सच बोले। सच्चा संत वो होता है जो जनता को गुमराह न करे, सच्चा संत सच्चाई के साथ अपनी बात रखता है, दूसरे के दुख को अपना दुख समझे, साजिश ना करे…”



