
लखनऊ : सीएम योगी आदित्यनाथ आज उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित ‘धरोहर’ कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले कलाकारों को सम्मानित किया और कहा कि आज भारत आर्थिक शक्ति के रूप में उभरने के साथ-साथ अपनी हजारों वर्षों की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर से विश्व को आकर्षित कर रहा है।
उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के 63 साल पूरे होने पर सीएम योगी ने कहा कि लोक कलाओं के मामले में हमारा उत्तर प्रदेश अत्यंत समृद्ध रहा है। ब्रज की रासलीला और संकीर्तन, अवध की रामलीला, पूर्वांचल का बिरहा, कजरी और सोहर तथा बुंदेलखंड का आल्हा और राई- ये केवल लोक कलाएं नहीं, बल्कि हमारे समाज की सामूहिक स्मृतियों और सांस्कृतिक विरासत की अनमोल धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि अपनी विरासत का संरक्षण विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। लुप्तप्राय वाद्ययंत्रों का संरक्षण कला जगत और आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारा एक बड़ा योगदान होगा।
सीएम ने आगे कहा कि दुनिया की तमाम संस्कृतियां मिट गईं, लेकिन भारत आज भी जीवित है। इसके पीछे हमारी समृद्ध सनातन संस्कृति का वह भाव है, जो हमें लोक कला और लोक संस्कृति के माध्यम से पीढ़ी-दर-पीढ़ी विरासत में प्राप्त हुआ है। हमारी लोक परंपराएं और लोक संस्कृति ही भारत की सांस्कृतिक आत्मा की वास्तविक शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि योग, आयुर्वेद, भारतीय संगीत, नृत्य और पारंपरिक कलाएं आज भारत की वैश्विक पहचान एवं सॉफ्ट पावर का महत्वपूर्ण आधार बन रही हैं। विगत साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के विजन को विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के माध्यम से धरातल पर उतारने का प्रयास किया है।



