
Dia Mirza BMC Video Controversy: बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के पर्यावरण-अनुकूल दिवाली अभियान के लिए अभिनेत्री दीया मिर्जा का एक वीडियो सोमवार को राजनीतिक विवाद का कारण बन गया। एक भाजपा नेता की आपत्ति जताई और मेयर ऋतु तावड़े ने दीया मिर्जा को “हिंदू-विरोधी” बता दिया। विवाद बढ़ने पर BMC ने सोशल मीडिया से उनका क्लिप हटा दिया। हालांकि, एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित और क्रिकेटर अजिंक्या रहाणे से भी ऐसे ही वीडियो रिकॉर्ड करवाए गए थे। लेकिन, विवाद दीया मिर्जा के वीडियो पर ही खड़ा हुआ।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच, बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देश के बाद BMC ने नागरिकों से अपील की थी कि वे पटाखे न जलाएं और पर्यावरण के अनुकूल दिवाली मनाएं। इस अभियान के तहत, नगर निकाय ने मिर्ज़ा सहित कई मशहूर हस्तियों को शामिल किया था। रविवार को मिर्ज़ा का वह वीडियो हटा दिया गया, जिसमें उन्होंने लोगों से शोर और वायु प्रदूषण से बचने की अपील की थी। वहीं, अभिनेत्री माधुरी दीक्षित और निशिगंधा वाड, तथा क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे के वीडियो अभी भी BMC के X और इंस्टाग्राम पेज पर मौजूद हैं। भाजपा मुंबई प्रमुख अमित सातम की टिप्पणी के कुछ ही घंटों के भीतर, नगर आयुक्त अश्विनी भिड़े के नेतृत्व वाले नगर निकाय ने मिर्ज़ा के वीडियो को अपने सोशल मीडिया पेजों से हटा दिया। भाजपा नेता ने लिखा, “हमें @deespeak से यह सीखने की ज़रूरत नहीं है कि #दिवाली कैसे मनाई जाए। हमारी परंपराएं हमारी संस्कृति में गहराई से रची-बसी हैं।”
अधिकारियों के अनुसार, नगर निकाय ने मिर्ज़ा से पटाखों के खिलाफ अभियान में शामिल होने का अनुरोध किया था। उन्होंने अपनी मर्जी से, बिना किसी फीस के, एक वीडियो संदेश रिकॉर्ड करके भेजा था। नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि अभिनेत्री की अपील—जिसमें उन्होंने लोगों से दिवाली मनाते समय पर्यावरण और जनस्वास्थ्य का ध्यान रखने को कहा था—रविवार सुबह 8:25 बजे BMC के आधिकारिक X हैंडल पर पोस्ट की गई थी, जिसे उसी रात हटा दिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण के क्षेत्र में अपने काम को देखते हुए, मिर्ज़ा इस अभियान से जुड़ने के लिए सबसे उपयुक्त हस्तियों में से एक थीं। उन्होंने आगे कहा कि उन्हें इस तरह के विरोध (backlash) की उम्मीद नहीं थी। हालांकि, मेयरमुंबई की मेयर रितू तावड़े ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि वीडियो से जुड़ी सूची उनके पास मंजूरी के लिए आई ही नहीं और इसे सीधे MyBMC पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया। मेयर ने दीया को हिंदू विरोधी बताया और साफ कह दिया है कि दीया को अब BMC के कार्यक्रमों और पहलों में शामिल नहीं किया जाएगा।



