
UP Elections 2027 : यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बीच, सीट बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी की मुश्किलें सहयोगी दलों ने बढ़ा रखी हैं। कांग्रेस की ओर से 150 सीटों की मांग किए जाने बाद अब अपना दल कमेरावादी 5 दर्जन सीटों पर दावा कर सकती है। इन सीटों पर पार्टी ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो पल्लवी पटेल की पार्टी अपना दल कमेरावादी 60 विधानसभा सीटों पर दावेदारी की तैयारी में जुटी है। सूत्रों के मुताबिक, सपा प्रमुख अखिलेश यादव को 60 सीटों का ब्यौरा सौंपा गया है। 2012, 2017 और 2022 में सपा की हारी सीटों पर ज्यादा नजर। इन सीटों पर कुर्मी मतदाताओं की भूमिका अहम मानी जा रही है।
पल्लवी पटेल, अपना दल कमेरावादी की एक मात्र विधायक हैं। उन्होंने 2022 का विधानसभा चुनाव सपा के चुनाव चिह्न पर लड़ा था और भाजपा के केशव प्रसाद मौर्य को हराया था।
हालांकि, अपना दल कमेरावादी को इतनी सीटें मिलना मुश्किल है, क्योंकि सपा, कांग्रेस जैसी बड़ी पार्टी को प्रदेश में सिर्फ 50 सीटें देने को तैयार है तो उन्हें 60 सीट मिल पाना लगभग असंभव है। बता दें कि कांग्रेस राज्य में 150 सीटों की मांग कर रही है। जिसको लेकर दोनों दलों के बीच जुबानी जंग तेज है।



