
Mohammed Shami: टीम इंडिया में तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की वापसी के बाद माना जा रहा है कि मोहम्मद शमी की भी जल्द वापसी हो सकती है। लेकिन, इस अनुभवी खिलाड़ी ने अपने ताजा बयान से संकेत दिए हैं कि उन्हें टीम में जगह मिले या न मिले, अब इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता। शमी का साफ कहना है कि राष्ट्रीय टीम में। जगह न मिलने से उन्हें कोई नुकसान नहीं।
रेव स्पोर्ट्स की रिपोर्ट के अनुसार, बंगाल कल्याणी में दिल्ली के ख़िलाफ़ रणजी ट्रॉफ़ी मैच की तैयारी कर रहे तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद शमी से जब राष्ट्रीय टीम में भुवनेश्वर की वापसी के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बेबाकी से जवाब दिया। उन्होंने कहा, “भुवनेश्वर कुमार को भारत के लिए खेलने का मौका मिला, और यह उनके लिए अच्छी बात है। लेकिन उनके चयन से मुझे कोई फ़र्क नहीं पड़ता। मुझे जहाँ भी खेलने का मौका मिलेगा, मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूँगा। अभी मेरा पूरा ध्यान इस रणजी मैच पर है।”
जब उनसे पूछा गया कि भुवनेश्वर की वापसी से क्या उन्हें भारतीय ड्रेसिंग रूम में वापसी की उम्मीद दिखाई दी है? इस सवाल पर उन्होंने कहा, “पिछले दो-तीन सालों से मेरे साथ भी यही हो रहा है। मैं लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा हूं और बंगाल के लिए अपनी फ़िटनेस साबित कर चुका हूँ। अगर मुझे दोबारा भारत के लिए खेलने का मौका नहीं मिलता, तो इसमें मेरा कोई नुकसान नहीं है।”
बता दें कि मोहम्मद शमी लंबे समय से टेस्ट टीम से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच 2023 WTC फ़ाइनल में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ ओवल में खेला था। वहीं, शमी ने अपना हालिया वनडे मैच 2025 चैंपियंस ट्रॉफ़ी फ़ाइनल में खेला था। शमी का ताजा बयान इस बात को दर्शाता है कि उन्होंने टीम में वापसी का इंतजार करना छोड़ दिया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि भुवनेश्वर के बाद शमी की टीम में वापसी हो पाती है या नहीं।



