
आगरा। यूपी के आगरा जिले के निबोहरा थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी धर्मजीत में रविवार शाम मेड़ के विवाद में 12 राउंड फायरिंग हुई। इस फायरिंग में एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घटना में शामिल 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, निबोहरा थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी धर्मजीत में रविवार देर शाम मेड़ के विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर 12 राउंड फायरिंग की। पीड़ित पक्ष के फूल सिंह पुत्र चंदन सिंह ने पुलिस को बताया कि घर के पीछे पशु बंधते हैं। रविवार शाम छोटे भाई अजमेर सिंह की पुत्रवधू अंजना और सुनीता पशुओं को लेने गई थीं। वहां खेत में काम कर रहे गांव के ही रमेश चंद्र पक्ष के लोगों ने खेत से मिट्टी उठाकर मेड़ पर लगाने लगे और गाली-गलौज की। जब उन्होंने विरोध किया तो लाइसेंसी हथियारों से फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग में परिवार के लोग संभल नहीं पाए। फायरिंग में कक्षा 12 की छात्रा बृजेश पुत्री राजेंद्र सिंह की गर्दन में गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस फायरिंग में अजमेर सिंह, उनका बेटा जितेंद्र सिंह, हरेंद्र सिंह, मनोहर सिंह की बेटियां भावना और मधु गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतका के पिता राजेंद्र सिंह ने बताया कि वह दूध का काम करता हैं। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं। बृजेश सबसे छोटी थी, जो पढ़ने में होशियार थी। बेटी की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
गांव में फायरिंग और छात्रा की मौत की सूचना पर रविवार देर रात पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के साथ ही डीसीपी और एसीपी समेत कई थानों का पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया।पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी रमेश, पुरुषोत्तम और दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि पीड़ित और आरोपी पक्ष दोनों के घरों के बीच करीब 100 मीटर की दूरी है। एक साल पहले अजमेर और रमेश के परिवार के बीच खेत को लेकर विवाद हुआ था। इस मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए गए थे। इसके करीब पांच महीने पहले समझौता हुआ था।
पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने बताया कि गढ़ी धर्मजीत में मेड़ और पशु खेत में जाने पर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। जिसमें छात्रा की मौत हुई है और अन्य घायल हैं। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज किया है। फायरिंग के मुख्य आरोपी रमेश और पुरुषोत्तम समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।



