
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आठ वर्षों से संघर्षरत 68,500 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन जारी है। इसी कड़ी में सोमवार को बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास के बाहर अभ्यर्थियों ने धरना दिया। इससे पहले अभ्यर्थियों ने 2 अक्टूबर केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल को ज्ञापन सौंपा था।
लखनऊ में मॉल एवेन्यू में मंत्री संदीप सिंह के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे एक प्रदर्शनकारी ने कहा, “मैं यहां हमारे विभाग के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास पर हूं। 10 अगस्त को हुई बैठक में यह स्पष्ट किया गया था कि आरक्षण का मुद्दा है, लेकिन इस पर मुख्यमंत्री ही कोई फैसला लेंगे। अब तक न तो कोई चर्चा हुई है और न ही कोई सकारात्मक नतीजा निकला है…”
इससे पहले 68,500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने 2 अक्टूबर को अहिंसा दिवस के अवसर पर केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल से मिलकर ज्ञापन सौंपा था। इस दौरान उन्होंने अपना दल (एस) की प्रमुख के सामने आरक्षण प्रक्रिया की अनियमितताओं का मुद्दा उठाया।
उस समय प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का कहना था कि पूर्व में बेसिक और माध्यमिक शिक्षा मंत्रियों की बैठक में आरक्षण में हुई गड़बड़ी की बात स्वीकार की जा चुकी है। अभ्यर्थियों ने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया कि वे इस संवेदनशील विषय को सीधे सीएम योगी आदित्यनाथ के सामने उठाकर पारदर्शी समाधान निकलवाएं।



