
BJP UP CM face : यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के सीएम चेहरे को लेकर चर्चाएं तेज हैं। इस बीच, शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने सीएम योगी आदित्यनाथ को लेकर तारीफ़ों के पुल बांधे हैं। उन्होंने योगी को हिंदुत्व का सबसे बड़ा चेहरा बताते हुए यहां तक कह दिया कि अगर योगी नहीं तो यूपी नहीं।
दरअसल, यूपी में भाजपा के सीएम चेहरे को लेकर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और सीएम योगी आदित्यनाथ के अलग-अलग बयानों से सियासत गरमायी हुई है। एकतरफ, केशव प्रसाद मौर्य का कहना है कि चुनाव के बीच सीएम को लेकर फैसला लिया जाएगा, तो दूसरी तरफ सीएम योगी ने कहा कि सबको पता है कि सीएम चेहरा कौन है। माना जा रहा है कि योगी ने खुद को ही सीएम चेहरा घोषित कर दिया है। इस पर शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत की टिप्पणी से सियासी पारा और चढ़ गया है।
संजय राउत मुंबई में प्रेस वार्ता कर रहे थे। इस दौरान उनसे सवाल किया गया कि योगी आदित्यनाथ ने खुद को सीएम चेहरा बताया है, बीजेपी में ऐसा कभी नहीं हुआ है। इस पर संजय राउत ने कहा, “अगर योगी ने खुद को घोषित किया है तो काबिले तारीफ है… काबिल आदमी हैं। हम भी उनको बहुत प्यार करते हैं योगी जी को… योगी जी हिंदुत्व का एक ऐसा चेहरा हैं जो सबसे ऊपर हैं। अगर योगी नहीं तो यूपी नहीं… योगी जी ही रहेंगे न यूपी में। अगर योगी जी ने खुद को कहा है कि मैं मुख्यमंत्री हूं तो योगी जी को पूरा विश्वास है कि यूपी में उनको बहुमत मिलेगा और उनको समर्थन देने वाले विधायक ज्यादा से ज्यादा रहेंगे।”
बता दें कि संजय राउत का यह बयान इसलिए भी मायने रखता है, क्योंकि कुछ समय में भाजपा के अंदर मनमुटाव की खबरें सामने आती रही हैं। राउत की ओर से योगी को हिंदुत्व का सबसे बड़ा चेहरा बताना नई सियासी बहस को जन्म देने वाला है।



