
लखनऊ: संविधान दिवस पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया और शपथ दिलाई। इस मौके पर दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे। वहीं, विपक्ष पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि संविधान को लेकर भ्रम फैलाने और लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश करने वालों से सतर्क रहने की जरूरत है।
संविधान दिवस के मौके पर सीएम योगी संविधान की उद्देशिका का पाठन एवं डॉ. बी.आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत सौंदर्यीकरण कार्यों के शुभारंभ में शामिल हुए। इस दौरान सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “आज कुछ लोग भ्रम की स्थिति पैदा करके लाल पुस्तिका लेकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। यदि उन्होंने संविधान की प्रति पढ़ी होती तो शायद भारत की संप्रभुता के संरक्षक होने का दावा करने का दुस्साहस नहीं करते। जब उन्हें अवसर मिला था, तब उन्होंने संविधान का गला घोंटने का प्रयास किया।”
उन्होंने कहा, “आजादी के तत्काल बाद पहला संविधान संशोधन प्रेस की आजादी को बंधक बनाने के लिए किया गया। समय-समय पर अपने स्वार्थ के लिए संविधान में संशोधन किए गए। इन लोगों ने केवल संविधान ही नहीं, बल्कि देश की संवैधानिक संस्थाओं और लोकतंत्र को भी कठघरे में खड़ा करने का प्रयास किया। भारत पर लगातार आक्षेप लगाए और लोकतंत्र को कमजोर करने के षड्यंत्र किए। ऐसे लोगों के प्रयासों से सावधान रहना होगा। संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिशों से देश को बचाना हम सभी का दायित्व है।”
3,955 महापुरुष स्मारक स्थलों के सौंदर्यीकरण का शुभारंभ
सीएम योगी ने माउस का बटन दबाकर डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत प्रदेश के 3,955 मूर्ति स्थलों के सौंदर्यीकरण एवं साफ-सफाई कार्यों का शुभारंभ किया। योजना के तहत महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास के स्थलों का विकास, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण सुनिश्चित किया जाएगा।



