अयोध्याराजनीति

अखिलेश के राम मंदिर दौरे पर गरमायी सियासत, BJP चीफ पंकज चौधरी बोले- सच्चा पश्चाताप है तो 12 नहीं, 6 दिसंबर को जाइए

लखनऊ : पूर्व सीएम अखिलेश यादव और उनका परिवार 12 दिसंबर को अयोध्या के राम मंदिर दर्शन के लिए जाएगा। पिछले दिनों सपा नेता और पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने इस बारे में जानकारी दी थी। अब इस मुद्दे पर प्रदेश की सियासत गरमाने लगी है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा है कि अगर कारसेवकों पर गोलियां चलाने का पश्चाताप है तो उन्हें 12 नहीं, 6 दिसंबर यानी बाबरी विध्वंस की बरसी पर राम मंदिर जाना चाहिए।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव का नाम लिए बिना भाजपा नेता पंकज चौधरी ने मंगलवार को एक्स पोस्ट में लिखा, “अगर भगवान श्रीराम पर ये नया पैंतरा नहीं, सच्चा पश्चाताप है! तो 12 नहीं, 6 दिसंबर को राम मंदिर जाइए जिन सैकड़ों रामभक्तों की हत्या कराई उस महापाप पर माफ़ी मांगिये मत समझिये कि आपके पुराने पाप धुल जाएंगे, बल्कि इस रामभक्ति के स्वांग से बचा-खुचा अस्तित्व भी गंवाएंगे।”

बता दें कि 30 अक्टूबर और 2 नवंबर 1990 को अयोध्या में कारसेवकों की भीड़ को विवादित ढांचे (बाबरी मस्जिद) की ओर बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने गोली चलाई थी, जिसमें कई कारसेवकों की जान गई थी। उस समय यूपी के सीएम मुलायम सिंह यादव थे। जिन पर भाजपा रामभक्तों की हत्या का आरोप लगाती है।

हालांकि, सपा प्रमुख अखिलेश यादव संसद में इशारों-इशारों में इस कार्रवाई के लिए तत्कालीन प्रमुख सचिव नृपेंद्र मिश्र को जिम्मेदार ठहरा चुके हैं। जो वर्तमान समय में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के निर्माण समिति के अध्यक्ष हैं। अखिलेश ने कहा था कि “जिन्होंने गोली चलाई, वो आपका राम मंदिर बना रहे हैं।”

Related Articles

Back to top button