लखनऊस्वास्थ्य

लखनऊ : महिला के स्तन से निकाला गया 4kg का कैंसरयुक्त ट्यूमर, लोहिया संस्थान के डॉक्टरों की बड़ी सफलता

लखनऊ : लोहिया संस्थान के डॉक्टरों ने 48 वर्षीय महिला के स्तन से 4 किलोग्राम का विशाल कैंसरयुक्त ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाला। दो अस्पतालों में असफल सर्जरी के बाद डॉक्टरों की टीम ने जटिल ऑपरेशन कर महिला की जान बचाई। डॉ. अश्विनी राहलकर और डॉ. सर्राह इदरीस के नेतृत्व में हुई इस सफल सर्जरी की सराहना हो रही है।

जानकारी के अनुसार, 48 वर्षीय मरीज के स्तन में दो बार ऑपरेशन के बाद चार किलो का कैंसरयुक्त ट्यूमर फिर उभर आया था। इस विशाल फाइलोड्स ट्यूमर के कारण लगातार रक्तस्राव और संक्रमण हो रहा था। जिसकी वजह से महिला का हीमोग्लोबिन घटकर महज चार ग्राम रह गया था और उसके लिए जानलेवा होता जा रहा था। ऐसे में लोहिया संस्थान के एंडोक्राइन सर्जरी विभाग की टीम ने पहले मरीज की स्थिति स्थिर की। फिर जटिल ऑपरेशन करके इस 4 किलोग्राम के ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकाला। निदेशक डॉक्टर सीएम सिंह के अनुसार, मरीज पहले दो बार अन्य चिकित्सा संस्थानों में ऑपरेशन करा चुकी थी। इसके बावजूद ट्यूमर दोबारा विकसित हो गया।

दीपावली के दौरान भी संस्थान के डॉक्टर्स की टीम ने मरीज के इलाज को प्राथमिकता देते हुए ऑपरेशन किया। सर्जरी में एंडोक्राइन सर्जरी विभाग की डॉ. अश्विनी राहलकर और डॉ. सर्राह इदरीस शामिल रहीं। एनेस्थीसिया टीम में डॉ. स्मारिका, डॉ. शशांक, डॉ. प्रतिष्ठि और डॉ. आकृति ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नर्सिंग अधिकारियों में गीता, मंतशा और विमला का भी सहयोग रहा।

Related Articles

Back to top button