
कुशीनगर: यूपी के कुशीनगर में देर रात कोतवाली क्षेत्र हाटा के पेट्रोल पम्प के पास एक बड़ा हादसा हो गया। यहां तिलक समारोह से लौट रहे लोगों की कार और सामने से आ रहे ट्रेलर की जोरदार टक्कर हो गयी। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में एक ही परिवार के 5 सदस्यों समेत 6 की मौत हो गयी, जबकी दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव के रहने वाले थे। ये सभी लोग एक रिश्तेदार के तिलक समारोह में सम्मिलित होने देवराज पिपरा में गए थे और देर रात ईको कार से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान कोतवाली क्षेत्र हाटा के पेट्रोल पम्प के पास कार की सामने से आ रहे ट्रेलर से सीधी टक्कर हो गई। यह घटना रात रविवार की रात 12 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद आसपास से गुजर रहे लोग मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी गयी।
हादसे के बाद गाड़ी में फंसे लोगों को पुलिस और स्थानीय लोगों ने किसी तरह बाहर निकाला गया। वहीं, घायलों को जब तक अस्पताल पहुंचाया जाता, छह लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस हादसे में घायल दो को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया है। जिनकी उम्र 12 और 17 साल है।
घायलों को पहले मेडिकल कॉलेज फिर गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया गया। मृतकों की पहचान भलुही के प्रधान प्रतिनिधि कन्हैया प्रसाद (45), उनके पिता रामबेलास (65), भाई राम मिलन (35), मृदुल मिश्रा (37), रंजय गुप्ता (35) और मिथलेश गुप्ता (22) की मौत हो गई है। वहीं, आयुष (12) और आर्यन (17) गम्भीर रूप से घायल हैं।



