अपराधलखनऊ

लखनऊ में पकड़ा गया चर्चित चारा घोटाले का आरोपी सत्येंद्र कुमार, 25 साल से था फरार

लखनऊ। चारा घोटाला मामले में सीबीआई को शुक्रवार देर रात एक बड़ी सफलता हाथ लगी, जब लखनऊ रेलवे स्टेशन पर इस मामले में 25 वर्षों से फरार आरोपी सत्येंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। सत्येंद्र कुमार 2001 में चार्जशीट दाखिल होने के बाद नेपाल भाग गया था और वहां छुपकर रह रहा था। सीबीआई अब सत्येंद्र को ट्रांजिट रिमांड पर रांची लेकर जा रही है, जहां संबंधित विशेष अदालत में पेश किया जायेगा।

दरअसल, चर्चित चारा घोटाले के दौरान सत्येंद्र कुमार पर सरकारी खजाने से फर्जी तरीके से राशि निकालने का आरोप है। कथित तौर पर उसने अपने सहयोगी दिनेश राय के साथ मिलकर पशुपालन विभाग को बड़े पैमाने पर दवाइयों की आपूर्ति की थी। उसका परिवार रांची में कचहरी के पास रहता था। सत्येंद्र और दिनेश ने रांची के बीआइटी मेसरा से बी-फार्मा की पढ़ाई की थी और बाद दोनों ने दवा निर्माण की फर्म शुरू की। जांच के अनुसार, इस फर्म के माध्यम से 10 करोड़ रुपये से अधिक की दवाओं की फर्जी आपूर्ति दिखाकर घोटाला करने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, नेपाल से भारत लौटने के बाद सत्येंद्र कुमार 22 अक्टूबर को ट्रेन से मध्य प्रदेश से लखनऊ आ रहा था। चारा घोटाले के आरोपी को पकड़ने के लिए आधी रात के आसपास CBI की विशेष टीम ने स्टेशन पर बिछाया जाल और उसे धर-दबोचा। बताया जा रहा है कि ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही अधिकारियों ने बोगी में आरोपी की पहचान की और उसे हिरासत में ले लिया गया। जिसके बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर लिया गया और अब सीबीआई आरोपी को रांची ले जाकर जाएगी, जहां संबंधित कोर्ट में उसे पेश किया जाएगा।

सत्येंद्र के साथी दिनेश राय को इस मामले में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और कोर्ट उसे सजा भी सुना चुकी है। लेकिन, सत्येंद्र साल 2001 में सीबीआइ की ओर से आरोप पत्र दाखिल किये जाने के बाद से फरार था। बाद में उसके नेपाल में दवा कंपनी शुरू करने की जानकारी मिली थी। कोर्ट ने सत्येंद्र कुमार के खिलाफ स्थायी गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद से सीबीआई उसकी तलाश कर रही थी।

Related Articles

Back to top button