
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में फैजुल्लागंज समेत बाकी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति सामान्य हो गई है। लेकिन, आगे बाढ़ का खतरा न रहे इसके लिए सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोमती नदी के किनारे बांध बनाने की घोषणा की थी। अब इसको लेकर दो प्रमुख परियोजनाओं के लिए करीब 331 करोड़ रुपये की लागत कार्यों को स्वीकृति मिल चुकी है। जिसमें बांध निर्माण के लिए करीब 182 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
उत्तर प्रदेश शासन के आवास एवं शहरी नियोजन अनुभाग-1 की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, राज्य में विभिन्न विकास प्राधिकरणों की परियोजनाओं के लिए कुल 601.44 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत के कार्यों को स्वीकृति दी गई है। इसमें लखनऊ विकास क्षेत्र में गोमती नदी के बाएं किनारे पर आईआईएम रोड से हार्डिंग ब्रिज तक बांध बनाने की परियोजना को मंजूरी मिली है। जिसके लिए अनुमानित लागत 182.16 करोड़ रुपये बताई गई है। इससे नदी के किनारे बसे फैजुल्लागंज समेत कई इलाकों में बाढ़ का खतरा टलेगा।
दूसरी तरफ, लखनऊ में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए ग्रीन कॉरिडोर के समानांतर 12 स्थानों पर पंपिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। इस परियोजना के तहत 148.87 करोड़ रुपये लागत कार्य को मंजूरी मिली है। बताया जा रहा है कि इस परियोजना के तहत 4 जगहों पर 600 केएलडी और 8 जगहों पर 400 केएलडी क्षमता के पंपिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। इनकी मदद से बारिश के दौरान जमा होने वाले पानी की निकासी में सुधार की उम्मीद है।



