उत्तर प्रदेशराजनीतिविधानसभा चुनाव

UP Election 2027 : कांग्रेस की 150 नहीं, 200 सीटों पर तैयारी, अखिलेश को सीट बंटवारे के लिए सौंपी लिस्ट

UP Elections 2027 : आगामी यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए इंडिया गठबंधन में सीटों के बंटवारे पर चर्चा के बीच कांग्रेस ने 200 सीटों पर अपनी तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी इन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी में हैं और इन सीटों की लिस्ट सपा प्रमुख अखिलेश यादव को सौंपी है। हालांकि, पार्टी का कहना है कि इन सीटों की लिस्ट का मतलब गठबंधन में इतनी ही सीटें मांगना नहीं है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कांग्रेस ने सपा को बातचीत के लिए 175 से 200 सीटों की एक सूची सौंपी है और सम्मानजनक बंटवारे की मांग की है। लेकिन, सपा अपने सहयोगी कांग्रेस को केवल 50 से 55 (या 60 तक) सीटें देने पर विचार कर रही है। ऐसे में सीट बंटवारे को लेकर सपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच फिर जुबानी जंग छिड़ सकती है। कांग्रेस की ओर से तैयार लिस्ट को चार श्रेणियों में बांटा गया है। A श्रेणी की सीटों को लेकर कांग्रेस अपना दावे से पीछे हटने के पक्ष में नहीं है। B श्रेणी की सीटों पर पार्टी कुछ बदलावों पर विचार कर सकती है। जबकि C व D श्रेणी की सीटों पर पार्टी समझौते और बदलाव के लिए अपेक्षाकृत अधिक तैयार है।

इस लिस्ट को लेकर कांग्रेस नेताओं ने साफ किया है कि इन सीटों की लिस्ट को पार्टी की चुनावी प्राथमिकताओं के तौर पर देखा जाना चाहिए, न कि इतनी ही सीटों की मांग के रूप में। पार्टी ने अपने लिए सीटों की कोई न्यूनतम संख्या भी तय नहीं की है। बताया रहा है कि सपा से सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की अगुवाई में पार्टी की तीन आंतरिक बैठकें हुईं। जिसमें यूपी अध्यक्ष आराधना मिश्रा, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इमरान मसूद और राज्य प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम भी मौजूद थे।

बता दें कि पिछले दो विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। 2017 में पार्टी ने सपा से गठबंधन के तहत 105 सीटों पर चुनाव लड़ा था और उन्हें केवल सात सीट पर जीत हासिल हुई थी। इसके बाद 2022 में सभी 403 सीटों पर अकेले चुनावी मैदान पर उतरी थी और सिर्फ दो सीटों पर सिमटकर रह गयी थी।

Related Articles

Back to top button