
लखनऊ: शिवा शर्मा हत्याकांड में आरोपी श्रद्धा दुबे, उसकी बहन और ड्राइवर को लखनऊ लाया जा चुका है। नागपुर कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद गुरुवार सुबह पुलिस तीनों हजरतगंज थाने लेकर पहुंची। तीनों आरोपियों के मेडिकल के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा। फरार श्रद्धा दुबे पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
दरअसल, मॉडल श्रद्धा दुबे के साथ बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश उर्फ तनवीर को 20 अक्टूबर को नागपुर से यूपी एसटीएफ ने स्थानीय पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया था। जिसके बाद नागपुर कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद यूपी पुलिस तीनों आरोपियों को लेकर लखनऊ पहुंची है। तीनों मुख्य आरोपियों से मामले में पूछताछ की जाएगी। वहीं, नामजद आरोपी आमिर की गिरफ्तारी की चर्चा है, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
बता दें कि 9 अक्टूबर को लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की श्रद्धा दुबे के फ्लैट से गिरकर मौत हो गई थी। कथित तौर पर शिवा और श्रद्धा लिव-इन में रह रहे थे। इस घटना के बाद आरोपी श्रद्धा अपने साथियों के साथ फरार थी। इस बीच, कई ऑडियो भी सामने आए जिनमें श्रद्धा की ओर से कथित तौर शिवा को धमकी दी गयी। वहीं, मृतक की रंजना शर्मा ने श्रद्धा और उसके साथियों पर बेटे की हत्या, ब्लैकमेलिंग समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
श्रद्धा दुबे फरार होने के बाद बार-बार लोकेशन बदल रही थी। जिसके बाद पुलिस ने उस पर पहले 25,000 और फिर 50,000 हजार का इनाम घोषित किया था। इस बीच, श्रद्धा के मीडिया में बाइट देने और उसके पुलिस की पहुंच से दूर होने को लेकर भी सवाल खड़े हुए। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने श्रद्धा के हाई-प्रोफाइल लोगों से संबंध होने की ओर इशारा किया था।



