उत्तर प्रदेशराजनीतिराज्य

यूपी में 88,973 अपराधियों पर गैंगस्टर एक्ट और ₹15 हजार करोड़ की अवैध संपत्ति जब्त- सीएम योगी ने पुलिस स्मृति दिवस पर बताया

लखनऊ। आज (21 अक्टूबर) को पुलिस स्मृति दिवस पर देशभर में उन सभी वीर पुलिसकर्मियों और सुरक्षा बलों के जवानों को याद किया जा रहा है, जिन्होंने अपने कर्तव्य का पालन करते हुए प्राणों का बलिदान दिया। इस मौके पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने शहीद हुए पुलिसकर्मियों को नमन किया।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पोस्ट के माध्यम से सीएम योगी ने बुधवार को कहा, “आज पुलिस स्मृति दिवस पर मैं उन सभी वीर पुलिस कार्मिकों को कृतज्ञतापूर्वक नमन करता हूँ, जिन्होंने देश की सुरक्षा, समाज की शांति और नागरिकों के जीवन की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। कर्तव्य की वेदी पर अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर पुलिस कार्मिकों का शौर्य, साहस और समर्पण हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत है।’

प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर पूर्व सरकार निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “वर्ष 2017 से पूर्व प्रदेश में माफिया राज था। उस समय अराजक तत्वों के हौसले इतने बुलंद थे कि मथुरा के जवाहर बाग में कानून की रक्षा करते हुए हमारे वीर पुलिस अधिकारियों को अपने प्राणों का बलिदान देना पड़ा।”

कानून से ऊपर कोई नहीं

सीएम योगी ने यूपी में कानून को सबसे ऊपर बताया और कहा, “आज नए उत्तर प्रदेश में कानून से ऊपर कोई नहीं है। उत्तर प्रदेश उपद्रव से उत्सव प्रदेश बना है। पुलिस को अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की स्वतंत्रता मिली है। 2.26 लाख से अधिक पुलिस भर्तियों, प्रशिक्षण क्षमता में 10 गुना वृद्धि, 7 बड़े शहरों में कमिश्नरेट प्रणाली, प्रत्येक जनपद में साइबर थाने तथा प्रत्येक थाने में महिला हेल्प डेस्क की स्थापना से पुलिस व्यवस्था अधिक सक्षम, आधुनिक और जवाबदेह बनी है।”

88,973 अपराधियों पर गैंगस्टर एक्ट

अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत 88,973 अपराधियों पर कार्रवाई और ₹15 हजार करोड़ से अधिक की अवैध संपत्ति की जब्ती अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध हमारी दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रमाण है। आज इस अवसर पर हमारा संकल्प है कि वीर पुलिस कार्मिकों के बलिदान और उनके परिवारों के त्याग को सदैव स्मरण रखते हुए हम उत्तर प्रदेश को सुरक्षित, न्यायपूर्ण और भयमुक्त बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। जय हिंद।”

Related Articles

Back to top button