Highlightअपराधफतेहपुर

फतेहपुर : दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान तालाब में डूबे 5 युवक, तीन की मौत, दो की हालत नाजुक

फतेहपुर। यूपी के फतेहपुर जिले में मंगलवार को दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। यहां खागा कोतवाली क्षेत्र के बैजूपुर चक कटोघन गांव में मूर्ति विसर्जन के दौरान तालाब में नहाने उतरे पांच युवक डूब गए। जिनमें से तीन की मौत हो गई और दो की हालत नाजुक बनी हुई है। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, दुर्गा पूजा के संपन्न होने के बाद गांव के लोग मूर्ति को ट्रैक्टर-ट्राली पर रखकर नौबस्ता घाट पर विसर्जन के लिए ले जा रहे थे। लेकिन, लोगों ने रास्ते में ही एक तालाब में मूर्ति का विसर्जन शुरू कर दिया। तभी तालाब में नहाने के लिए उतरे पांच किशोर गहराई का अंदाजा न होने के कारण एक-एक कर डूबने लगे। इस घटना से गांव वालों में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों और पुलिस फोर्स ने कड़ी मशक्कत के बाद पांचों को तालाब से बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो युवकों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल फतेहपुर के लिए रेफर कर दिया गया।

मृतकों की पहचान आदित्य (20 वर्ष), राजा साहू (18 वर्ष) और अभिमन्यु (16 वर्ष) के रूप में हुई है। जबकि गंभीर रूप से घायल हर्ष और यशवंत का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। हादसे के बाद खागा कोतवाली पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस-प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि विसर्जन के लिए चिन्हित और सुरक्षित घाटों का ही प्रयोग करें।

Related Articles

Back to top button