
देवरिया। यूपी के देवरिया में आधी रात को बाइक से वापस घर लौट रहे दो युवकों की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। जिसके बाद सड़क से गुजर रहे लोगों ने दोनों को घायल हालत में देखा तो पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों युवक दम तोड़ चुके थे। इस मामले में अज्ञात हमलावरों की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना मईल थाना क्षेत्र में रामजानकी मार्ग पर बढ़या हरदो गांव के पास की हैं। मृतकों की पहचान ईटहुआ हजाम गांव निवासी विनय यादव और वकील यादव के रूप में हुई है। दोनों रात में बाइक से लार कस्बे की ओर गए थे और वहां से वापस अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी। सड़क से गुजर रहे लोगों की ओर से सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी जानकारी जुटाई। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
एसपी अभिजीत आर. शंकर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच से जुड़े जरूरी निर्देश दिए। शुरुआती जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। इस मामले में पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए 3 टीमें गठित की गई हैं। फिलहाल हत्या की वजह साफ नहीं हो पायी है। दो युवकों की एक साथ हत्या की खबर से परिवारों में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।



