
गाजियाबाद। यूपी पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों की दौड़ में बीते 24 घंटे में दो अभ्यर्थियों की मौत हो गई। ये दोनों युवक दौड़ में हिस्सा ले रहे थे इस दौरान दौड़ते हुए गिर गए। एक अभ्यर्थी की तबियत सोमवार सुबह बिगड़ी थी जबकि एक अभ्यर्थी मंगलवार सुबह दौड़ते हुए अचेत होकर गिर गया।
जानकारी के अनुसार, गोविंदपुरम स्थित 47वीं वाहिनी पीएसी में 3 अक्टूबर से 9 अक्टूबर तक पुलिस अभ्यर्थियों की दौड़ हो रही है। इस दौरान मंगलवार सुबह शामली के झिंझाना थानाक्षेत्र स्थित गांव पूर्माफी निवासी 23 वर्षीय विवेक कुमार दौड़ते हुए अचानक गिर गए। जिसके बाद विवेक को तुरंत संजय नगर स्थित संयुक्त जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया।
इससे पहले सोमवार को भी एक युवक की दौड़ते वक्त मौत हो गई थी। कल सुबह मथुरा के थाना महाबन स्थित गांव कारब निवासी 27 वर्षीय अतुल कुमार गिरते हुए अचेत हो गए थे। अतुल को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया था। जहां उपचार के दौरान अतुल ने दम तोड़ दिया।



