
Asian Games 2026 : जापान के आइची-नागोया में खेले जा रहे एशियन गेम्स में भारत को तीरंदाजी में गोल्ड मिला है। यह मेडल महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने दिलाया है। इस टीम का नेतृत्व ज्योति सुरेखा वेन्नम, चिकिता तनिपार्थी और पृथिका प्रदीप ने किया।
भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने फ़ाइनल में चीन को 238-234 से हराकर 2026 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता है। इस उपलब्धि को हासिल करते हुए टीम ने विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की। दूसरी तरफ, एशियाई खेलों में भारतीय मिक्स्ड कंपाउंड आर्चरी टीम ने सेमीफाइनल में थाईलैंड को हराकर गोल्ड मेडल मैच में जगह बनाई।
बुधवार को भारतीय महिला स्क्वैश टीम ने सिंगापुर को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और अपना मेडल पक्का कर लिया। शुरुआत करते हुए, तन्वी खन्ना ने शानदार खेल दिखाया और 32 मिनट तक चले रोमांचक शुरुआती सिंगल्स मैच में आउ योंग वाई लिन को 11-6, 4-11, 15-13, 11-1 से हराया।



