
लखनऊ : भोजपुरी सुपरस्टार और भाजपा एमएलसी पवन सिंह अपने निजी मामलों को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने पूरे परिवार और खानदान से नाता तोड़ने का ऐलान किया है। इसके लिए उन्होंने अपने फैंस और भोजपुरिया समाज से माफी भी मांगी है। हालांकि, पवन ने अपनी मां और बड़े भाई के लिए जान भी हाजिर होने की बात कही है।
पावरस्टार के नाम से मशहूर पवन सिंह ने रविवार को इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक भावुक संदेश जारी किया। जिसमें उन्होंने कहा- “जब घर के चक्कर में पड़ जालें (जाते हैं) आदमी… सब वेद शास्त्र भुला जालें (जाते हैं) आदमी… बर्दास्त का सीमा पार होने के बाद बहुत दुखी होके पोस्ट कर रहा हूँ और आप सभी भोजपुरिया समाज से हाथ जोड़ के क्षमा चाहता हूँ और बता रहा हूँ कि मेरा मेरे पूरे परिवार से और खानदान से आज और अभी से कोई रिश्ता नहीं है हाँ जो मुझे पैदा की है मेरी माँ और मेरा सबसे बड़ा भाई रानू सिंह उसके लिए जब तक जिंदा हूँ जान हाजिर है… आप सभी के परिवार का एक छोटा सा सदस्य पवन सिंह… ”
बता दें कि पवन सिंह अपने गानों व अभिनय के साथ-साथ निजी जीवन को लेकर भी काफी सुर्खियों में रहे हैं। उन्होंने दो शादियां हैं, उनकी पहली पत्नी नीलम देवी ने सुसाइड कर लिया था। जबकि दूसरी पत्नी ज्योति सिंह से उनका तलाक मामला कोर्ट में चल रहा है। वहीं, पवन और अक्षरा सिंह के अफेयर की भी काफी चर्चा रही है। हाल ही में उनके और अक्षरा के बीच मतभेद खत्म होने की अटकलें लगाई जा रही थीं। अब भोजपुरी सिंगर के ताजा पोस्ट ने फैंस के बीच चिंताएं बढ़ा दी हैं।



