उत्तर प्रदेशराजनीति

सपा की बातें व घोषणाएं चुनावी छलावा, लोग सावधान रहें : मायावती

लखनऊ : सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गुरुवार को आगामी चुनाव के लिए अपनी पार्टी का घोषणा पत्र में 25 लाख सरकारी नौकरी, बुजुर्ग महिलाओं को सालाना 40,000 रुपये की पेंशन देने और किसानों के कर्ज माफी जैसे बड़े वादे किए गए हैं। जिसको लेकर बसपा सुप्रीमो मायावती ने सपा पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने सपा के घोषणा पत्र को चुनावी छलावा बताया है और कहा है कि सपा की बातें, वादे, दावे व घोषणायें आदि चुनावी छल व छलावा हैं, लोग ज़रूर सावधान रहें।

सपा के घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए यूपी की पूर्व सीएम मायावती ने एक्स पोस्ट में शुक्रवार को एक्स पोस्ट में लिखा, “यूपी में समाजवादी पार्टी द्वारा ’जन-मन का मेनिफेस्टो’ के नाम से कल जारी किया गया इनका यह ’प्रण-पत्र’ इनके कथित पीडीए की तरह ही कोरा हवाहवाई तथा ’थोथा चना बाजे घना’ की कहावत को ही चरितार्थ करने वाला ज़्यादा है। वैसे भी इस पार्टी का स्वभाव जग जा़हिर तौर पर ग़रीबों, दलितों, पिछड़ों व मुस्लिमों आदि के वास्तविक हित, कल्याण, उनका मान-सम्मान व सुरक्षा आदि के विरुद्ध अधिकतर संकीर्ण व जातिवादी तथा धन्नासेठ-समर्थक भी रहा है, जिसका एक ताज़ा उदाहरण यूपी से राज्यसभा हेतु हाल ही में हुये द्विवार्षिक चुनाव में पीडीए को प्रश्रय देने के बजाय बड़े धन्नासेठ को प्राथमिकता देना है। ऐसी नीतियों एवं कार्यकलापों से प्रदेश की अपार ग़रीबी, बेरोजगारी, पिछड़ापन व पलायन आदि की गंभीर समस्या क्या कभी दूर हो पायेगी। कभी नहीं।”

’जन-मन घोषणापत्र’ वास्तव में ’धन-मन वादी’

बसपा सुप्रीमो ने आगे कहा, “इन बातों से से यह भी साबित है कि इनका ’जन-मन घोषणापत्र’ वास्तव में ’धन-मन वादी’ अधिक है तथा समाज के अच्छे लोगों के बजाय ऐसे ही धनी एवं बाहुबलियों आदि को चुनाव मैदान में भी उतारेगी जो देश, समाज व जनहित की चिन्ता कम व अपने खुद के लाभ व स्वार्थ में ही लगातार डूबे रहते हैं।” उन्होंने कहा, “वैसे भी ’हर हाथ को काम’ तथा ’क़ानून द्वारा क़ानून का राज’ आदि विशुद्ध रूप से बी.एस.पी. की नीति व सिद्धान्त हैं तथा जिस सर्वसमाज व सर्वजन-हितैषी एजेण्डा पर बी.एस.पी. की यूपी में अब तक रही चारों सरकारों में पूरी ईमानदारी व निष्ठा से अमल करके भी दिखाया गया है, जो कि विरोधी पार्टियों में भी खा़सकर सपा, कांग्रेस व भाजपा आदि के बलबूते की बात नहीं है, यह सभी जानते/मानते हैं।”

सपा की बातें व घोषणाएं चुनावी छलावा

मायावती ने अपनी पोस्ट के अंत में कहा, “इसके साथ ही, सपा के दामन पर भी ख़ासकर एससी, एसटी व ओबीसी आरक्षण विरोधी रवैया तथा यूपी को जातिवादी द्वेष व दंगा-युक्त प्रदेश बनाने सहित जनहित व जनकल्याण के अहम् मुद्दों पर लगे धब्बों को जनता भला कैसे भुला पायेगी? कुल मिलाकर, सपा की बातें, वादे, दावे व घोषणायें आदि चुनावी छल व छलावा हैं, लोग ज़रूर सावधान रहें।”

Related Articles

Back to top button