
लखनऊ : संविधान दिवस के मौके पर आज 26 नवंबर को लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के बैनर तले बड़ी महारैली होनी है। इस रैली में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी मंच साझा करने वाले हैं। इससे पहले एक मुस्लिम संगठन ने मुस्लिमों की भलाई के लिए ओवैसी से चुनाव न लड़ने की अपील की है
दरअसल, राजधानी लखनऊ के प्रमुख चौराहों पर ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ में शामिल AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी के खिलाफ राजधानी में होर्डिंग्स लगी हैं। ये होर्डिंग्स ‘उम्मत-ए-मुस्लिम’ की ओर से लगाए जाने का दावा किया गया है। इनमें से एक होर्डिंग में लिखा है- “ओवैसी साहब अल्लाह के वास्ते आप हमें हमारे हाल पर छोड़ दिये… जब तक आप हैदराबाद में थे तब तक हम खुश थे हमारे धार्मिक स्थल महफूज थे।” दूसरी होर्डिंग में लिखा है- “ओवैसी साहब अगर आप वाकई चाहते है हम खुश रहे, तरक्की करें तो आपको यहाँ (किसी भी राज्य में) चुनाव नही लड़ना चाहिए। अल्लाह ने इस दौरान आपकों ख़ूब नवाज दिया है। अब बस करिए।”
बता दें कि संविधान दिवस के मौके पर लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के बैनर तले महारैली का आयोजन किया जाना है। इस रैली में लाखों की संख्या में लोगों के पहुंचने का दावा किया जा रहा है। चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के एक मंच पर आने को प्रदेश की राजनीति में नए समीकरण के तौर पर देखा जा रहा है। फिलहाल, लखनऊ में लगे पोस्टर से सियासी पारा और चढ़ सकता है।



