उत्तर प्रदेशराजनीतिलखनऊ

अखिलेश यादव बोले- कोर्ट ने APO प्री परीक्षा 2025 को रद्द कर भाजपा के आरक्षण विरोधी चेहरे को किया बेनक़ाब

लखनऊ : इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बुधवार को UPPSC की APO भर्ती-2025 की प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट करके दोबारा मेरिट लिस्ट बनाकर और नए रिजल्ट के आधार पर मुख्य परीक्षा कराने का आदेश दिया है। हाईकोर्ट के इस बड़े फैसले को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत गरमाने लगी है। इस पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि APO प्री परीक्षा 2025 को रद्द कर भाजपा के आरक्षण विरोधी चेहरे को बेनक़ाब किया है।

पूर्व सीएम अखिलेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, “सच्चे न्याय का एक स्वरूप अन्याय को रोकना भी होता है। माननीय इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने आरक्षण की हक़मारी को रोकने के लिए APO प्री परीक्षा 2025 को रद्द कर भाजपा के आरक्षण विरोधी चेहरे से नक़ाब हटाकर, उसका काला सच सबके सामने ला दिया है। भाजपा सरकार में यूपी में रद्द हुई परीक्षाओं में ये 22वीं परीक्षा है। सच तो ये है कि भाजपा भी जानती थी कि न्यायालय में ये मामला टिकेगा नहीं और परीक्षा रद्द हो जाएगी, न नौकरी देनी पड़ेगी, न आरक्षण और न ही किसी को वेतन। हम तो ये बात हर बार कहते हैं और आज फिर दोहरा रहे हैं कि ‘नौकरी भाजपा के एजेंडे में है ही नहीं।’

उन्होंने आगे कहा, “मेरिट के आधार पर अनारक्षित सूची में स्थान पाने के पात्र पिछड़े और दलित अभ्यर्थियों को उनकी आरक्षित श्रेणी तक सीमित रखना PDA के अधिकारों पर चोट है। APO भर्ती परीक्षा में शामिल 50 हजार से अधिक अभ्यर्थियों और उनके परिवारों की मेहनत, समय और उम्मीदों के साथ खिलवाड़ की जवाबदेही कौन लेगा? पढ़ाई और परीक्षा के लिए माता-पिता ने अपनी कमाई लगाई। अब दोबारा परीक्षा का खर्च और मानसिक तनाव भी अभ्यर्थी ही झेलें? दोषी भाजपा सरकार अपनी जवाबदेही से बच नहीं सकती। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर भर्ती के हर चरण में आरक्षण और मेरिट के नियमों का सही पालन सुनिश्चित करेंगे, ताकि युवाओं को अपने अधिकारों के लिए बार-बार अदालत का दरवाजा न खटखटाना पड़े। भाजपा हटाओ, नौकरी पाओ!”

Related Articles

Back to top button