
गोरखपुर : आगामी यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सपा बुधवार को सीएम योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर में शक्ति-प्रदर्शन करने वाली है। इस दौरान पीडीए रथ से सपा प्रमुख अखिलेश यादव 20 किलो मीटर लंबा रोड शो करेंगे। इस रोड शो में एक लाख से ज्यादा कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, पूर्व सीएम अखिलेश यादव दोपहर करीब 12 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वह अपने खास ‘पीडीए रथ’ पर सवार होकर चौरी चौरा के देवकाही गांव तक करीब 20 किलोमीटर का रोड शो करेंगे। इस रोड शो के जरिये आगामी विधानसभा चुनाव में पीडीए का सियासी संदेश देने की कोशिश होगी। वहीं, सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के रोड शो में शामिल होने की उम्मीद है। सपा की कोशिश इस कार्यक्रम के जरिये गोरखपुर में जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने की है।
गोरखपुर जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों के अलावा पूर्वी यूपी के दूसरे जिलों से भी सपा कार्यकर्ताओं इस रोड शो में शामिल होने के लिए कहा गया है। 20 किलोमीटर रोड शो के अंतिम पड़ाव देवकाही गांव पहुंचने के बाद अखिलेश यादव स्वतंत्रता सेनानी और शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इस दौरान वह पूर्व भाजपा नेता विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू सिंह की 10वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।



