अपराधउत्तर प्रदेशखेलमेरठ

पूर्व रणजी क्रिकेटर के बेटे ने अपने ही घर में करवाई 35 लाख की चोरी, पुलिस ने चार घंटे में किया खुलासा

मेरठ : यूपी के मेरठ में पूर्व रणजी क्रिकेटर आशु शर्मा के घर लाखों की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने क्रिकेटर के नाबालिग बेटे और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने खुलासा किया है कि आशु शर्मा के 14 वर्षीय बेटे ने क्रिकेटर बनाने के दबाव और डांट से नाराज होकर अपने साथियों के साथ चोरी की साजिश रची।

जानकारी के अनुसार, शास्त्री नगर के सेक्टर-13 निवासी आशु शर्मा रेलवे में खेल कोटे से कर्मचारी हैं और हापुड़ रेलवे स्टेशन पर तैनात हैं। पूर्व रणजी क्रिकेटर अपने नाबालिग बेटे को भी क्रिकेटर बनाना चाहते थे, लेकिन बेटे को क्रिकेट में दिलचस्पी नहीं थी। इस पर शर्मा ने बेटे को फटकार लगाई थी और संपत्ति से बेदखल करने की धमकी भी दी थी। जिससे नाराज बेटे ने अपने ही घर में चोरी की साजिश रच डाली।

बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर करीब 12:40 बजे वह अपनी पत्नी रीमा और बेटी के साथ स्कूटी से हापुड़ रोड पर सामान खरीदने गए थे। इस दौरान नाबालिग बेटा घर में दूसरी मंजिल पर सो रहा था। परिजन घर के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगाकर गए थे। कुछ देर बाद बेटे ने फोन कर पिता को घर में चोरी की सूचना दी। उसने बताया कि घर के कमरे में सामान बिखरा पड़ा है और अलमारी खुली हुई है।

चोरी की घटना की सूचना पर आशु शर्मा जब घर पहुंचे तो उन्होंने मुख्य दरवाजे का ताला खुला पाया। उन्होंने पुलिस को सूचना दी और बताया कि सेफ में रखे 10 लाख रुपये नकद, करीब 10 तोले सोने के आभूषण, चांदी की एक ईंट, आर्टिफिशियल ज्वेलरी और अन्य कीमती सामान चोरी हो गए थे। जिनकी कीमत 35 लाख रुपए के आस पास बताई गई। नौचंदी थाना पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में हुडी और मास्क पहने दो युवक पैदल आते दिखाई दिए। दोनों कुछ देर तक आसपास घूमते रहे और फिर मुख्य दरवाजे ताला खोलकर घर के अंदर दाखिल हो गए।

करीब आधे घंटे बाद दोनों सामान लेकर बाहर निकलते दिखाई दिए। पुलिस को बेटे के बयान और चाबी से घर का ताला खुलने की बात पर शक हुआ। फिर पुलिस ने दोनों युवकों के आने-जाने के रास्तों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली और उन्हें धर-दबोचा। दोनों युवकों से पूछताछ में एक अन्य युवक का नाम भी सामने आया। पुलिस का कहना है कि चोरी की घटना को अंजाम देने वाले दोनों युवकों ने बताया कि आशु शर्मा के बेटे ने ही उन्हें घर की चाबी दी थी। उनकी मुलाकात नाबालिग से जिम में हुई थी।

पुलिस की पूछताछ में ये भी सामने आया कि पिता आशु शर्मा की डांट और संपत्ति से बेदखल करने की धमकी से नाराज होकर बेटे ने दोस्तों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी। पुलिस ने चारो के पास से सभी नकद रुपये और सोने-चांदी के जेवर बरामद किए। महज चार घंटे के भीतर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा कर दिया। गिरफ्तार किया गया एक वादी आशु का नाबालिग पुत्र है और इसके अलावा रोहित, ओम सरीन और अंकित है। तीनों ही शास्त्री नगर ,थाना लोहिया नगर के रहने वाले हैं।

Related Articles

Back to top button